Tuesday, July 8, 2008

ऑटो मार्किट दुकानों की अलॉटमेंट रद्द होगी - उपायुक्त

फतेहाबाद 08 जुलाई/निस- उपायुक्त ओ.पी. श्योराण ने आज प्रेस वार्ता में बताया कि ऑटो मार्किट में जिन लोगों ने अभी तक दुकानें नहीं बनाई हैं, उनको दुकानों की अलॉटमेंट के कैंसेलेशन लैटर भेजे जा रहे हैं। इस लैटर के मिलने के तुरंत बाद यदि दुकानदार हल्फनामा देकर तय समय में दुकान बनाने का आश्वासन देते हैं तो उन्हें दुकान बनाने के लिए कुछ समय दिया जाएगा अन्यथा बाकी सभी दुकानों की अलॉटमेंट रद्द कर दी जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जीटी रोड़ पर ट्रैफिक की व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार ने 1996 में बहुत मामूली कीमत पर ऑटो व्यापारियों को ऑटो मार्किट में दुकानें अलाट की थी लेकिन केवल15फीसदी दुकानदारों ने वहां दुकानें बनाई हैं और बाकी ऑटो व्यापारी और मिस्त्री जीटी रोड़ पर अपना व्यवसाय कर रहे हैं। जिससे जीटी रोड़ दोनों तरफ से रुका हुआ है। उपायुक्त ने नगराधीश को यह भी निर्देश दिए कि जीटी रोड़ पर बाहर रखा हुआ दुकानदारों का सामान तुरंत जब्त कर लिया जाए। उपायुक्त ने बताया कि अंबेडकर पार्क और बस स्टैंड पर ट्रैफिक को दुरूस्त करने के लिए ट्रैफिक लाइट का टैंडर पास हो गया है। शीघ्र ही दोनों स्थानों पर ट्रैफिक लाइट लगा दी जाएगी। उपायुक्त ने हंस मार्किट में रेहड़ी वालों द्वारा सड़क पर किए गए कब्जे को हटाने के लिए भी नगराधीश व उपमंडलाधीश को निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि बाढ़ की आपात स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बाढ़ नियंत्रण से संबधिंत सभी अधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने बताया कि बोट और लाइफ सेविंग जैकेट के लिए सरकार को डिमांड भेज दी गई हैं। सभी उपमंडलाधीशों को निर्देशदिए गए हैं कि वे रिंग बांधों का निरीक्षण करें। संबधिंत अधिकारियों को आटा, दाल, बिस्कुट, एम्बुलैंस, दवाईयां आदि के इंतजाम तैयार रखने को कहा गया है। उपायुक्त ने बताया कि फ्लड कंंट्रोल रूम का नंबर 01667-230018है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर आपात स्थिति के समय संपर्क कर सकता है।