Monday, July 14, 2008

बालसमन्द को उप तहसील का दर्जा

चंडीगढ़ 14 जुलाई - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में आज यहाँ हुई मत्रिंमण्डल की बैठक में जिला हिसार में बालसमन्द को उप तहसील बनाने तथा उप तहसील मातनहेल को तहसील तथा गांव साल्हावास को उप तहसील का दर्जा देने को भी स्वीकृति प्रदान की है। नई बालसमन्द उप तहसील में 19 गांव होंगे, जिनमें से चार गांव नामत: चौधरीवाली, कुटिया खेड़ी, तेलनवाली एवं घुड़साल तहसील आदमपुर में से लिए जाएंगे तथा 15 गांव नामत: बाण्डाहेड़ी, डोभी, खारिया, सलेमगढ़, किरतान, बुडाक, बालसमन्द, सुण्डावास, सीसवाल, भिवानी रोहिला, धीरणवास, रावलवास कलां, सरसाना, गोरछी एवं गावड़ तहसील हिसार में से लिए जाएंगे। बालसमन्द उप तहसील में 21पटवार सर्कल होंगे तथा इसका क्षेत्रफल 33805 हैक्टेयर होगा। यह उप तहसील उप मण्डल हिसार का भाग होगी। मातनहेल एवं साल्हावास क्षेत्रों के लोगों की मांग को मद्देनजर रखते हुए मत्रिंमण्डल ने उप तहसील मातनहेल को तहसील का दर्जा देने तथा साल्हावास को उप तहसील बनाने का भी निर्णय लिया है। नई मातनहेल तहसील में 31 गांव होंगे तथा इसका क्षेत्रफल 60434 हैक्टेयर होगा। इसमें एक कानूनगो तथा 17 पटवार सर्कल होंगे। साल्हावास उप तहसील में 22गांव होंगे तथा इसका क्षेत्रफल 14742 हैक्टेयर होगा। इसमें एक कानूनगो एवं 9 पटवार सर्कल होंगे। नई तहसील एवं उप तहसील उप मण्डल झज्जर का ही हिस्सा रहेंगी।