चंडीगढ़ 30 जुलाई/निस- पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने याचिका कर्ताओं (लिटिगेंट्स) को राहत देने के लिए मोबाइल एसएमएस की एक अनूठी योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के बाद लिटिगेंट व वकील किसी भी केस की स्थिति के बारे में कुछ सैकिंंडों में ही पता कर सकेंगे। इस सर्विस के शुरू हो जाने के बाद लिटिगेंट्स व वकीलों की बिना मतलब की भागदौड़ कम हो जाएगी। उच्च न्यायालय के सूत्रों ने बताया कि यह एसएमएस सर्विस दो श्रेणियों में होगी। प्रथम श्रेणी में लिटिगेंट अपनी फाइल की स्थिति के बारे में पता कर सकेगा। उसे डायरी नंबर या रिट पटीशन नंबर 56767 पर एसएमएस करना होगा। कुछ मिनटों के बाद उसे वापिस एसएमएस द्वारा बताया जाएगा कि उसकी याचिका स्वीकार हो गई है या कुछ याचिका पर कोई आपत्ति लगाई गई है। दूसरी श्रेणी में केस की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली जा सकेगी। इस श्रेणी में याचिका कर्ता को एसएमएस से पता चल जाएगा कि उसका केस सुनवाई के लिए निश्चित तारीख को सुना जाएगा या ‘एडजर्नड’ कर दिया गया है। यह एसएमएस सर्विस के खर्च पर ही उपलब्ध होगी। लेकिन इस सर्विस को शुरू करने से पहले 12 लाख केसों की डिटेल फीड करनी पड़ेगी।