Monday, July 28, 2008

दिनदहाड़े बैंक में डकैती

भूना 28 जुलाई/मुकेश नारंग- समीपवर्ती गांव सनियाना में आज दिनदहाड़े दोपहर करीब पौने दो बजे पांच सशस्त्र युवकों ने स्टेट बैंक ऑफ पटियाला से चार लाख 48 हजार रुपए लूट लिए। घटना के बाद पुलिस कप्तान सौरभ सिंह, उपपुलिस अधीक्षक नृपजीत सिंह ने घटना का दौरा किया। अपराधियों को पकड़ने के लिए डॉग स्कवायड व फोरेसिंक लैब के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। समचार लिखे जाने लुटेरों का कोई समाचार नहीं मिला था। मिली जानकारी के अनुसार करीब पौने दो बजे जब बैंक कैशियर लाम्बा कैश का मिलान कर कैश बंद करने की तैयारी कर रहे थे तो पांच युवक दनदनाते हुए बैंक में घुसे। सभी के हाथ में पिस्तौलें थी। दो युवकों ने बैंक में घुसते ही सिक्योरिटी गार्ड बनवारी लाल की कनपटी पर पिस्तौल रख दी और उसकी बंदूक छीन ली। लुटेरे गार्ड बनवारी लाल को पीटते हुए स्टोर में ले गए और उसे स्टोर में बंद कर दिया। दो लुटेरों ने कैशियर लाम्बा को भी पिस्तौल की नौक पर मारपीट कर स्टोर में बंद कर दिया। इसी तरह बैंक मैनेजर बलवंत सिंह व बैंक में उपस्थित एक ग्राहक सुरेश कुमार व अन्य को स्टोर में बंधक बना लिया गया। लुटेरों ने आराम से कैशियर के केबिन में रखे लगभग साढ़े चार लाख रुपए उठाए और कई लॉकरों को तोड़ने की कोशिश की मगर उनसे लॉकर खुल नही पाए। कैश लेकर लुटेरे फरार हो गए। लुटेरों ने सभी कर्मचारियों के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए थे मगर कैशियर लाम्बा का मोबाइल अंदर रह गया। कैशियर लाम्बा ने गांव के सतपाल व तखत सिंह को फोन पर सूचना देकर मामले की जानकारी दी। सतपाल व तख्त सिंह ग्रामीणों को लेकर बैंक में पहुंचे और बंधक कर्मचारियों को रिहा करवाया गया। बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंच कर सारे क्षेत्र की नाकेबंदी करवाई। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है। मगर समाचार लिखे जाने तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।