फतेहाबाद 25 जुलाई/मुकेश नारंग- गांव बहबलपुर में एक दर्जन गांवों के लोगों ने बिजली समस्या से परेशान होकर गांव के बिजली घर को ताला जड़ दिया व बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलते ही बिजली निगम सब अर्बन के एसडीओ मौके पर पहुंचे, जिन्हें ग्रामीणों ने घेर लिया। प्रदर्शन में गांव थेड़ी, बहबलपुर, भड़ोलावाली, नखाटिया, अहलीसदर, रत्ताटिब्बा आदि गांवों के लोग शामिल थे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे लोकल कमेटी के प्रधान गुरजीत सिंह नखाटिया ने बताया कि उक्त गांवों में पिछले एक माह से बिजली का संकट गहराया हुआ है। 24 घंटे में दो-तीन घंटे ही बिजली मिल रही है। बिजली संकट से पेयजल संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कई गांवों में पिछले चार दिनों से पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि लग रहे अघोषित कटों को लेकर जब वह बिजली निगम के अधिकारियों से मिलने जाते हैं तो उन्हें कट न लगने का आश्वासन दे दिया जाता है लेकिन इसके बावजूद कट जारी रहे। बिजली समस्या को दूर करवाने के लिए उक्त गांवों के गणमान्य लोगों की एक कमेटी का गठन किया गया है ताकि वह एकजुट होकर अपनी समस्याओं को दूर करवा सके। ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार आग्रह किए जाने के बावजूद भी बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से न मिलने पर आज उन्होंने बिजली घर को ताला जड़ दिया। ग्रामीणों की इस कार्रवाई के दौरान गांव बहबलपुर के सब स्टेंशन पर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। तालाबंदी की सूचना मिलने पर जब एसडीओ आरएस मलिक मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया व बिजली समस्या दूर करने की मांग की। लेकिन एसडीओ ने यह बात उनके बस की न होने का स्पष्ट जवाब दे दिया, जिसके बाद ग्रामीण और उग्र हो गए व उच्च अधिकारियों को शिकायत करने का निर्णय लिया।