भूना 19 जुलाई- स्थानीय रैस्ट हाउस में आज भट्टू के विधायक कुलबीर बैनीवाल के दौरे को लेकर भारी उत्साह देखा गया। भूना कस्बा व आसपास गांवों के अनेकों ग्रामीण विधायक से मिलने को लालायित नजर आए। विधायक से मिलने की होड़ में विधायक की प्रैस कान्फ्रेंस भी अनुशासनहीनता व धक्कामुक्की की भेंट चढ़ गई। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री बैनीवाल ने कहा कि वैसे तो जहां से हाईकमान कहेंगी, वह वही सें चुनाव लड़ेंगे। मगर उनकी प्राथमिकता फतेहाबाद से चुनाव लड़ने की है। उन्होंने कहा कि वे सितंबर में एक विशाल व हाईटेक रेली करने जा रहे हैं। रैली के लिए उन्होंने समर्थकों से भारी भीड़ जुटाने का आह़वान किया है। समर्थकों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि जो आज उनकी मदद करेगा, वक्त आने पर वे उसे ब्याज समेत लौटाएंगे। उन्होंने कहा कि वे झूठे वायदे नहीं करते। उनकी करनी और कथनी में कोई अंतर नहीं है। इस बात का भट्टू हल्के के मतदाताओं से जाकर पता किया जा सकता है। उन्होंने लोगों के समर्थन हेतु जमकर कसमें-वादे किए। विधायक ने कहा कि वे जाति-पाति की राजनीति नहीं करते। जो उनका साथ देता है, उसका वे जमकर समर्थन करते हैं। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए श्री बैनीवाल ने कहा कि रैली को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। रैली के स्थान व तारीख अभी तय होना बाकी है। फतेहाबाद से उम्मीदवारी के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह तो चुनाव लड़ना चाहते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या हाईकमान ने उन्हें फतेहाबाद हल्के में तैयारी करने के संकेत दे दिए हैं, इस पर उन्होंने कहा कि सारी बातें प्रैस के सामने बताई नहीं जा सकती। यह पूछे जाने पर कि फतेहाबाद सीट पर दुड़ाराम, कुनाल भादू सहित कई लोग सक्रिय हैं, पर श्री बैनीवाल ने कहा कि विवाह से पहले कन्या के 100 वर होते हैं, मगर ब्याही तो वह एक के साथ ही जाती है। यदि कुनाल भादू उम्मीदवार बनते हैं तो उन्हें खुशी होगी। सांसद अरविन्द शर्मा के कांग्रेस से बगावत करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक अरविन्द शर्मा कांग्रेस पार्टी में हैं और कांग्रेस में ही रहेंगे। कांग्रेस एक समुंद्र है। इसमें किसी के आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। सांसद आत्मा सिंह गिल भी कांग्रेस को ही समर्थन देंगे और सरकार विश्वासमत प्राप्त करेगी। परमाणु समझौता देशहित में है। जो सांसद समझौते के विरोध में वोट करेंगे, वह देश के दुश्मन है और वह देश को आगे से बढ़ना नहीं देख पा रहे। श्री बैनीवाल ने भूना शूगर मिल के प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी व उनकी मांग मुख्यमंत्री के सामने रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ब्लाक समिति चेयरमैन ओमप्रकाश बंसल, मार्किट कमेटी चेयरमैन हनुमान नेहरा, सरपंच प्रतिनिधि राजबीर, बलजीत बैनीवाल, रमेश गोयल, सुरेन्द्र सांई सहित अनेक कांग्रेसी उपस्थित थे।