Tuesday, July 15, 2008

सरकार नौकरियां नीलाम कर रही है -अजय


चण्डीगढ़ 15 जुलाई-इनेलो ने हुड्डा सरकार पर प्रदेश में नौकरियां नीलाम करने और सारे कायदे कानून तोड़कर सरकार के चहेतों व भाई भतीजों को पिछले दरवाजे से नियुक्त किए जाने का आरोप लगाया है। इनेलो के प्रधान महासचिव व राज्यसभा सांसद अजय सिंह चौटाला ने टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में नियुक्त किए जा रहे 15 सहायक नगर योजनाकारों की नियुक्ति में व्यापक स्तर पर धांधली किए जाने का आरोप लगाते हुए सरकार की तीखी आलोचना की है। सांसद अजय सिंह चौटाला ने कहा कि सहायक नगर योजनाकार के पद प्रथम श्रेणी के होने के कारण इन पदों पर नियुक्ति हमेशा हरियाणा लोकसेवा आयोग द्वारा ही की जाती रही है। इनेलो सांसद ने कहा कि हुड्डा सरकार ने अपने चहेतों को नौकरी पर लगाने के लिए इन पदों को लोकसेवा आयोग के माध्यम से भरने की बजाए इन नियुक्तियों के लिए एक विभागीय कमेटी का गठन कर दिया और अब उसी कमेटी के माध्यम से सरकार के चहेतों को नियुक्त किया जा रहा है।
इनेलो सांसद ने कहा कि इन पदों के लिए 22 दिसम्बर 2007 को अखबारों में दिए गए विज्ञापन के माध्यम से आवेदन मांगे गए थे। जबकि इस तथाकथित विभागीय चयन कमेटी ने उम्मीदवारों का इंटरव्यू 28 व 29 अप्रैल और 5 व 6 मई को लेने की औपचारिकता निभाई थी। अब उन उम्मीदवारों में से सिफारशी उम्मीदवारों का चयन करके सूची तैयार कर ली गई है जो किसी भी समय जारी की जा सकती है। सांसद अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जिनको इन पदों पर नियुक्त किया जा रहा है उनमें रोहतक निवासी जेई धर्मवीर खत्री और रोहतक के ही जेई जेपी खासा को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी श्रीमती आशा हुड्डा की सिफारिश पर नियुक्त किया जा रहा है। रोहतक के रहने वाले ये दोनों जेई इन दिनों गुड़गांव में तैनात है। इसके अलावा पंचकूला में तैनात जेई सुभाष शर्मा को पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की सिफारिश पर नियुक्त किया जा रहा है। इनेलो सांसद ने कहा कि पंजाब के कस्बा अबोहर निवासी कर्मवीर झांझड़िया को नियुक्त किए जाने की तैयारियां चल रही हैं। इस पद के लिए वाछिंत योग्यता में अन्य शर्तों के अलावा उम्मीदवार के पास किसी योग्य टाऊन प्लानर के अंतर्गत काम करने का तीन साल का तर्जुबा भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामान्य श्रेणी में नियुक्त किए जा रहे अन्य उम्मीदवारों में यमुनानगर निवासी संजय नारंग को यमुनानगर के कांग्रेसी विधायक की सिफारिश पर और वेद प्रकाश सहरावत को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की सिफारिश पर नियुक्त किया जा रहा है। इसके अलावा गुड़गांव के वरिष्ठ टाऊन प्लानर की भतीजी पूनम पूनियां को हिसार के कांग्रेसी सांसद जयप्रकाश की सिफारिश पर नियुक्त किए जाने की तैयारियां चल रही है। उन्होंने कहा कि एक अन्य उम्मीदवार अरविंद ढुल के लिए वित्तमंत्री बीरेंद्र सिंह की सिफारिश है जबकि पंजाब से संबधिंत एक अन्य उम्मीदवार आर.एस. बाठ की नियुक्ति इसी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की सिफारिश पर की जा रही है। यह अधिकारी वरिष्ठ विभागीय अधिकारी होने के साथ-साथ इस चयन कमेटी के साथ भी सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। सांसद अजय सिंह चौटाला ने कहा कि सामान्य श्रेणी में एक अन्य उम्मीदवार वनीता शर्मा को पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की सिफारिश पर वेटिंग लिस्ट में सबसे ऊपर रखने की तैयारी की गई है जबकि विनोद शर्मा इस उम्मीदवार का नाम वेटिंग की बजाए चयनित उम्मीदवारों की सूची में डालने के लिए जोर दे रहे हैं। इनेलो सांसद ने कहा कि वेटिंग लिस्ट में दो अन्य जो सिफारिशी उम्मीदवार डाले जा रहे हैं। उनमें से पंचकूला में तैनात जेई श्री बंसल व मनदीप के लिए भी एक अन्य अधिकारी ने सिफारिश की है। इनेलो सांसद ने कहा कि पिछड़े वर्ग की श्रेणी में चुने जा रहे उम्मीदवार नरेश कुमार की सिफारिश पर्यटन मंत्री श्रीमती किरण चौधरी ने व जेई मोहन सिंह सिफारिश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने की है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन की सिफारिश पर हुड्डा पंचकूला कार्यलय में तैनात लेडी ड्राप्टमैन श्रीमती लाली को वेटिंग लिस्ट में रखा जा रहा है। जबकि अनुसूचित जाति की श्रेणी में नियुक्त किए जा रहे सुरेंद्र सहरावत जो इस समय हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण में लगे हुए हैं उन्हें इस पद पर लगाने के लिए मुख्यमंत्री के सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने सिफारिश की है। अनुसूचित जाति की श्रेणी में नियुक्त किए जा रहे दूसरे उम्मीदवार देसराज की सिफारिश सुरजेवाला द्वारा की गई है। अनुसूचित जाति की श्रेणी में वेटिंग लिस्ट में डाले जा रहे ओम प्रकाश की सिफारिश राज्यमंत्री सावित्री जिंदल द्वारा की गई है।