Saturday, July 19, 2008

तनाव के बीच मंदर सिंह अतिंम संस्कार

सिरसा/डबवाली/रतिया 19 जुलाई- भारी सुरक्षा, व्यापक भीड़ व तनाव के बीच हिंसा की चपेट में आए मंदर सिंह का आज अतिंम संस्कार कर दिया गया। इस अवसर पर सिख समुदाय के हजारों लोग उपस्थित थे। किसी भी अनहोनी को टालने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर रखे थे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आज भी शहर में आरएएफ व बीएसएफ तैनात रही और कर्फ्यू को भी बरकरार रखा गया। वहीं दूसरी ओर सिरसा में भी डेरा-सिख झगड़े का मिला-जुला असर रहा। शहर के कई निजी शिक्षण संस्थान बंद रहे। प्रशासन द्वारा गुरूद्वारों व डेरा सच्चा सौदा के आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। शहर के मुख्य स्थानों पर पुलिस तैनात रही। वहीं दूसरी ओर आज भी डेरा में डेरा प्रेमियों का आवागमन जारी रहा। रतिया से संवाददाता सचिन ललित के मुताबिक रतिया में कल संगत घर में ब्लाक स्तरीय नामचर्चा आयोजित की जा रही है। इस नामचर्चा को लेकर पुलिस प्रशासन ने रतिया में पुलिस की चार कंपनियों की तैनात कर दी है। वहीं कल सायं फतेहाबाद के संगत घर में भी नामचर्चा होने का समाचार है। फतेहाबाद में भी सुरक्षा के लिए दो रिजर्व बल लगाई गई हैं। डबवाली मामले को लेकर आज रतिया के गांव अहरवां में भी सिख समुदाय के सदस्यो ने अपनी दुकानें बंद रख कर रोष जताया। सिख समुदाय ने प्रबंधक कमेटी के सदस्य स. स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में स्थानीय गुरूद्वारे में एक बैठक आयोजित कर सरकार से शीघ्र ही डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम की गिरफ्तारी की मांग की। बैठक में कल हिंसा में मारे गए सिख युवक को श्रद्धाजलिं दी गई। बैठक को संबोधित करते हुए स. स्वर्ण सिंह ने ऐलान किया कि जब तक सरकार डेरा मुखी को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक सिख इस तरह अपनी कुर्बानियां देते रहेंगे। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर देश में शातिं बनाए रखने की मांग की।