फतेहाबाद 10 जुलाई- नवयुग निर्माण संस्था के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री के दामाद कुनाल भादू ने आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि संस्था का लक्ष्य जिला फतेहाबाद को अधंकारमुक्त बनाना है। इस उद्देश्य को लेकर जिले में सीएफएल लगाओ अभियान चला रखा है। कल उनकी संस्था के सदस्यों ने रतिया के चार गांवों नकटा, लाम्बा, तामसपुरा व बुर्ज में सीएफएल बल्ब लगाए। श्री भादू ने बताया कि अति गरीब लोग, जो बिजली का कनैक्शन नहीं ले सकते, उनके लिए नवयुग निर्माण संस्था सब्सीडी पर सोलर लाइट उपलब्ध करवाएगी। इस मामले में हरियाणा सरकार से बातचीत चल रही है। शीघ्र ही एक विधिवत प्रस्ताव हरियाणा सरकार को दिया जाएगा, जिसके तहत अति निर्धन लोगों को सोलर लाइट से चलने वाली माइटी लाइट वितरित की जाएगी। इस लाइट के एलईडी बल्ब की मियाद 30 वर्ष है। सब्सीडी के बाद उपभोक्ता को इस लाइट के लिए मात्र 500-600रुपए ही देने होंगे। यदि वह यह रकम अदा नहीं कर पाएगा तो उनकी संस्था उसमें भी सहयोग करेगी।
लोकसभा के चुनावों के सवाल पर श्री भादू ने कहा कि चुनाव समय पर ही होंगे। केंद्र सरकार ने माकपा द्वारा एटमी मसौदे पर खड़े किए गए सवालों को दूर करते हुए आज मसौदा सार्वजनिक कर दिया है। एटमी करार होने के बाद हमें सस्ती दरों पर बिजली मिलेगी। ऊर्जा प्रत्येक देश की रीढ़ की हड्डी होती है। परमाणु ऊर्जा से देश में तरक्की के नए आयाम स्थापित होंगे।
चुनाव लड़ने के सवाल पर कुनाल भादू ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के दामाद होने की वजह से कभी चुनाव नहीं लड़ेंगे। वह जब भी चुनाव लड़ेंगे, कुनाल भादू की हैसियत से ही चुनावी मैदान में उतरेंगे।
अपनी निजी जिंदगी के बारे में पूछे जाने पर बेबाकी से जवाब देते हुए श्री भादू ने बताया कि लोगों को भ्रम है कि उनकी लव मैरिज हुई है। जबकि वास्तविकता यह है कि उनकी अरेंज मैरिज हुई है। इस अवसर पर डा. वीरेन्द्र सिवाच, युवा कांग्रेस प्रधान जगजीत सिंह हुड्डा, डा. मुखत्यार सिंह सदर, मांगेराम, कृष्ण बड़ोपलिया, विक्की मैहता, जोगेन्द्र खिचड़, प्रवीण भिरडाना सहित अनेक कांग्रेसी नेता मौजूद थे। लोगों की समस्याएं सुनते हुए श्री भादू ने चिल्ली झील व ऑटो मार्किट विकसित करने की बात दोहराई। इस उपरांत वह बीघड़ में दलीप सिंह के बेटे के विवाह समारोह में भाग लेने पहुंचे।