Tuesday, July 22, 2008
बिजली आपूर्ति की समस्या से गुस्साए ग्रामीणों ने धरना भी दिया।
रतिया 22 जुलाई/राजेन्द्र मित्तल- समीपवर्ती गांव सहनाल में पिछले काफी समय से बिजली आपूर्ति की समस्या से गुस्साए ग्रामीणों ने रामचंद्र सहनाल के नेतृत्व में बिजली घर में एसडीओ के कार्यालय के समक्ष विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और धरना भी दिया। धरने के बाद ग्रामीणों ने एसडीओ को ज्ञापन सौंप कर शीघ्र समस्या के समाधान की मांग की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का हल न निकला तो वह मजबूरन बिजली घर के बाहर ताला जड़ देंगे। निगम के एसडीओ ने आश्वासन दिया है कि वह जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का प्रयत्न करेंगे। धरने पर मौजूद ग्रामीण रामचंद्र सहनाल, नीलम, मीना, परमजीत कौर, सुरेन्द्र जीत, सुनीता सहित 50-60 लोगो ने बताया कि गांव में मात्र दो-तीन घंटे बिजली रहने से उनके कामकाज पूरे तरह ठप्प हो चुके हैं। वहीं पानी के लिए भी उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जब वह बिजली की शिकायत करने बिजली घर में आते हैं तो कर्मचारी भी उनसे दुर्व्यवहार करते हैं।