फतेहाबाद 26 जुलाई/मुकेश नारंग- टोहाना के बाद अब फतेहाबाद में भी मलेरिया व वायरल से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। जिससे शहरवासियों में भय का माहौल है। शहर के अधिकतर निजी अस्पतालों व सामान्य अस्पताल में मलेरिया व वायरल से पीड़ित रोगी उपचाराधीन है। स्थानीय डीएसपी रोड़ स्थित मदान हस्पताल में दो मरीज वायरल से पीड़ित हैं। स्थानीय बजाज अस्पताल में भी वायरल से पीड़ित दो-तीन रोगी मिले हैं। इसके अलावा स्थानीय माजरा रोड़ स्थित नवजीवन अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से करीब 30-40 रोगी इलाज के लिए आ चुके हैं। स्थानीय माजरा रोड़ स्थित रामगढ़ अस्पताल में भी वायरल, टायफायड व मलेरिया से पीड़ित 10-12 मरीज आ चुके हें। यही नहीं अब मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा इन रोगों के प्रकोप को कम करने के लिए कोई विशेष कदम नहीं उठाए गए हैं। पिछले काफी समय से शहर में फॉगिग न होने और जगह-जगह बरसाती पानी खड़ा होने से रोग बढ़ने के आसार और बढ़ गए हैं। इसके अलावा दूषित पेयजल की आपूर्ति भी रोगों को बढ़ावा दे रही है। शहर के निजी अस्पतालों के चिकित्सकों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से ही उनके क्लीनिकों पर वायरल व मलेरिया से पीड़ित अनेकों रोगी आ चुके हैं। निजी चिकित्सक डा. गुलशन मदान, डा. सुरेन्द्र पाल, डा. राकेश बजाज आदि ने शहरवासियों से आह्वान किया है कि वह बरसात के इस मौसम में कटे व बासी वस्तुओं का प्रयोग करने से बचे। इसके अलावा मानव सेवा समिति संस्था के सचिव जगदीश मुंजाल ने भी प्रशासन से शहर मे फोगिंग करवाने, वाटर टैंकों में लाल दवाई डालने व गड्डों को भरने की मांग की है।