Saturday, July 12, 2008

बेटा ही निकला बाप का हत्यारा

फतेहाबाद 12 जुलाई/मुकेश नारंग- गत दिन भट्टू में बनगांव में जहरीली शराब पीने से मारे गए लीलू राम मामले का अपराध शाखा ने पर्दाफाश करते हुए लीलूराम की हत्या के मामले में उसके बेटे रोहताश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कप्तान सौरभ सिंह ने बताया कि पिता की आदतों से तंग रोहताश ने शराब में जहर देकर अपने पिता की हत्या कर दी थी। गौरतलब रहे कि 14 जून को लीलूराम छिम्पा का शव रामस्वरूप के खेत में मिला था। जबकि शव के पास देवीलाल व धर्मपाल तड़प रहे थे। देवीलाल व धर्मपाल को बाद में उपचार से बचा लिया गया मगर लीलूराम को नहीं बचाया जा सका था। इस मामले में मृतक लीलूराम के बेटे रोहताश ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने बनगांव निवासी रामस्वरूप की आठ एकड़ जमीन ठेके पर ली हई है, जिसमें उन्होंने सब्जी बोई हुई थी। उसका पिता लीलूराम सब्जी की रखवाली के लिए खेत में ही सो जाता था। 13 जून को उसके पिता ने एक बोतल शराब मंगवाई, जो उसने महेन्द्र से लाकर अपने पिता को दे दी। अगले दिन सुबह 7-8 बजे खेत मालिक रामस्वरूप जब खेत में घूमने गया तो उसने वहां लीलूराम, देवीलाल व धर्मपाल को खेत में तड़पता देखा। घायलों कोतुरंत फतेहाबाद के निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां पहुंचते ही लीलूराम की मौत हो गई तथा देवीलाल व धर्मपाल को हिसार रैफर कर दिया गया। पुलिस ने उस वक्त गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अपराध शाखा ने मृतक के बेटे रोहताश से जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने स्वीकार कर लिया कि उसी ने ही पिता की शराब में जहर मिलाया था। रोहताश का कहना था कि उसका पिता शराब का आदी था, शराब पीकर उन्हें बेहद तंग करता था। रोहताश ने कहा कि उनका पिता हमेशा उनकी जायदाद बेचने की धमकी देता था। पिता की आदतों से तंग आकर उसने शराब में जहर मिला दिया। दूसरी ओर रोहताश को आज अदालत मेंंं पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरातस में भेज दिया गया।