भूना 28 जुलाई/निस- अदालत के आदेश पर आज निर्वाचन अधिकारी जिला उपायुक्त की देखरेख में पंचायत समिति चेयरमैन ओ.पी. बंसल के विरूद्ध पुन: अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान हुआ। तमाम राजनीतिक तिकड़मबाजी के बावजूद ओ.पी. बंसल अपने पद को बचा नहीं पाए और कुल 22 सदस्यों में से 16 सदस्यों ने उनके विरूद्ध मतदान किया और उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया गया। गौरतलब रहे कि 20 मार्च को चेयरमैन विरोधी सदस्य चेयरमैन के विरूद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाए थे। उस वक्त 17 सदस्यों ने श्री बंसल के विरूद्ध मतदान किया था तथा चुनाव पर्यवेक्षक अतिरिक्त उपायुक्त ने उन्हें पद से हटा कर सीट ‘वैंकेट’ घोषित कर दी। श्री बंसल ने चुनाव परिणाम को कोर्ट मे चुनौती दी। अदालत ने पुन: मतदान के निर्देश दिए। चर्चा है कि अपने पद को बचाने के लिए श्री बंसल ने इनैलो व कांग्रेस के सभी आला नेताओं के दरवाजे खटखटाए। इनैलो के एक शीर्ष नेता की मदद से विपक्ष की एक सदस्य बिमला देवी को अपने पक्ष में लाने में सफल रहे, मगर विपक्ष ने भी उनके पक्ष की मीना देवी को तोड़ लिया। कुल मिलाकर तमाम उठापटक के बाद स्थिति जस की तस रही। एक सदस्य प्रवीन राणा एडवोकेट ने चेयरमैन पर सदस्यों को खरीदने का आरोप भी जड़ा है। चेयरमैन पक्ष के सदस्यों ने मतदान में भाग नहीं लिया। सुबह 11.20 बजे शुरू हुए गुप्त मतदान के थोडी देर बाद ही उपायुक्त ने घोषणा की कि उपस्थित सभी 16सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में वोट डाला है। चुनाव परिणाम की सूचना पंचायत विभाग के निदेशक को भेजी जा रही है। आगे जैसे उनके निर्देश होंगे, उन पर अमल किया जाएगा। मतदान का परिणाम आते ही विपक्षी सदस्यों ने जमकर जश्न मनाया।