Wednesday, July 9, 2008

इनेलो महिला प्रकोष्ठ का राज्य स्तरीय जन जागरण अभियान


चंडीगढ़, 9 जुलाई। प्रदेश में महिलाओं पर हो रही जुल्म और ज्यादतियों व महिलाओं के शोषण को लेकर इनेलो महिला प्रकोष्ठ की ओर से राज्य स्तरीय जन जागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पार्टी राज्य इकाई की अध्यक्षा व पूर्व सांसद श्रीमती कैलाशो सैनी प्रदेश के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं और महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों की बैठकों को संबोधित करेंगी। यह जानकारी देते हुए पार्टी महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा ने बताया कि 10 जुलाई से शुरू किए जा रहे इस राज्य स्तरीय अभियान के तहत जुलाई महीने के दौरान प्रदेश के 58 ब्लॉक मुख्यालयों पर महिला कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठकें आयोजित की जाऐंगी। श्रीमती कैलाशो सैनी ने बताया कि प्रदेश में हुड्डा सरकार बनने के बाद महिलाओं की स्थिति बेहद खराब हो गई है और महिलाओं के शोषण व बलात्कार की घटनाओं में निरंतर इजाफा हो रहा है। पूर्व सांसद ने बताया कि जहां बढ़ती मंहगाई, बिजली-पानी संकट, कानून-व्यवस्था की स्थिति और रसोई गैंस की कालाबाजारी की मार जहां सबसे ज्यादा महिलाओं को झेलनी पड रही है, वहीं हुड्डा सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है। श्रीमती कैलाशो सैनी ने कहा कि सरिता बलात्कार व आत्महत्या कांड न सिर्फ हुड्डा सरकार के माथे पर कलंक है बल्कि आए दिन घट रही ऐसी घटनाओं से पूरे देश के सामने प्रदेश का सिर शर्म से झुक गया है। पूर्व सांसद ने कहा कि 10 जुलाई से शुरू किए जा रहे इस जन जागरण अभियान के तहत 20 जुलाई तक प्रदेश के सभी जिलों में प्रतिदिन दो जिलों में और प्रत्येक जिले में दो यानि रोजाना चार बैठकें व 26 जुलाई से 31 जुलाई तक रोजाना तीन जिलों में तीन बैठकें आयोजित की जाऐंगी। इनेलो नेता ने कहा कि इन बैठकों में महिलाओं में आर्थिक, सामाजिक व राजनैतिक चेतना पैदा करने और उन्हें पार्टी संगठन के साथ जुडकर पार्टी व समाज के प्रति अहम व सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इनेलो महिला प्रकोष्ठ की ओर से शुरू की जा रही ब्लॉक स्तरीय बैठकों के तहत 10 जुलाई को फरीदाबाद व मेवात, 11 जुलाई को पंचकूला व अंबाला, 13 जुलाई को महेंन्द्रगढ़ व गुडगांव, 14 जुलाई को भिवानी व रोहतक, 15 जुलाई को करनाल व रोहतक, 16 जुलाई को जींद व यमुनानगर, 17 जुलाई को सोनीपत व पानीपत, 18 जुलाई को सिरसा व फतेहाबाद, 19 जुलाई को झज्जर व रेवाडी और 20 जुलाई को कैथल व कुरूक्षेत्र सहित सभी जिलों में दो-दो ब्लॉकों की व रोजाना चार बैठकें आयोजित की जाऐंगी। इसके अलावा 26 जुलाई को करनाल, पानीपत व सोनीपत में, 27 जुलाई को गुडगांव, महेन्द्रगढ़ व रेवाडी, 28 जुलाई को जींद, कैथल व कुरूक्षेत्र, 29 जुलाई को रोहतक, झज्जर व भिवानी, 30 जुलाई को हिसार, फतेहाबाद व सिरसा और 31 जुलाई को अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर में बैठकें आयोजित की जा रही हैं।