Monday, July 21, 2008

हजारों प्रेमियों ने रोष प्रदर्शन किया






फतेहाबाद 21 जुलाई/मुकेश नारंग- डेरा सच्चा सौदा के हजारों प्रेमियों ने आज डेरा के संगत घर में एकत्रित होकर विशाल जुलूस की शक्ल में एक वर्ग विशेष के नेताओं, सिरसा के डीसी व एसपी के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। डेरा प्रेमी आज अपनी ताकत दिखाने में सफल रहे। डेरा प्रेमी यह संदेश देने में कामयाब रहे कि तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद डेरे की ताकत में कोई कमी नहीं आई है। जुलूस में शामिल हजारों महिलाओं को देखते हुए यह भी लगा कि महिलाओं में डेरा मुखी के प्रति अटूट विश्वास है। वे डेरा मुखी पर लगे आरोपों को सही नहीं मानती। डेरा प्रेमियों के नेता व 25 मैम्बरी कमेटी के सदस्य वेदप्रकाश, ओमप्रकाश सोनी, दिनेश मैहता, नरसी गोयल, कृष्ण लाल ने जुलूस का नेतृत्व किया। जुलूस में उमडी भारी भीड़ को देखकर प्रशासन के हाथ-पांव फूले हुए थे। पुलिस कप्तान थोड़ी-थोड़ी देर बाद जीटी रोड़ पर मुआयना करते नजर आए। प्रशासन चाहता था कि संगतघर में ही ज्ञापन ले लिया जाए मगर डेरा प्रेमियों ने अनुशासनबद्ध होकर शातिंपूर्ण जुलूस निकाला और उपायुक्त ने मंडी के शैड के नीचे जाकर डेरा प्रेमियों से ज्ञापन लिया। ज्ञापन में डेरा प्रेमिंयों ने जत्थेदार बलवंत सिंह नंदगढ़, बलजीत सिंह दादु व सुखविन्द्र सिंह खालसा की गिरफ्तारी की मांग की है। डबवाली में डेरा प्रेमी सुंदर लाल आदि पर बने हत्या के मामले को खारिज करने की मांग की गई है। डबवाली आगजनी में हुए डेरा के अनुयायियों के नुकसान का मुआवजा व घुक्कांवाली डेरे का पुर्ननिर्माण करवाने की मांग की गई है। ज्ञापन में डेरा प्रेमियों ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में सरकार को दो टूक चेताया है कि अब जुल्म की इतिंहा हो चुकी है, इसे नियंत्रण करने में उचित कदम उठाएं जाएं अन्यथा डेरा अनुयायी शातिंप्रिय है मगर कमजोर नहीं। डेरा प्रेमी ओमप्रकाश सोनी ने उपस्थिति को उग्र शब्दों में संबोधित करते हुए कहा कि अगर प्रशासन शरारती तत्वों से नहीं निपट सकता तो डेरा प्रेमियों को दस मिनट का समय दे दिया जाए, हम अपने आप निपट लेंगे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर बादल व सुखविन्द्र खालसा के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि अब पानी सिर से निकल गया है। उन्होंने सिरसा के डीसी व एसपी कोे शरारती तत्वों से मिला हुआ बताया। प्रदर्शनकारियों ने सिरसा प्रशासन को जमकर आड़े हाथों लिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वेदप्रकाश ने कहा कि जब तक डबवाली मामले के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनके प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि हम ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं। कृष्ण लाल ने कहा कि प्रशासन अपराधिक तत्वों के साथ मिला हुआ है। दिनेश मैहता ने कहा कि हमें अपने घर में भगवान का नाम लेने पर भी अब वर्ग विशेष की अनुमति लेनी होगी। आज के प्रदर्शन में रतिया ब्लाक, हड़ौली, जाखल, भट्टू, एमपी रोही टोहाना व कई अन्य ब्लाकों के हजारों प्रेमी शामिल हुए। इस मौके पर हंसराज, हेमन्त चुघ, ओमप्रकाश, सुखदेव, महेश, अमरचंद, इकबाल, भगवान सिंह, महेश, नरेश, लछमण दास आदि विशेष भूमिका अदा करते नजर आए। जब तक प्रदर्शनकारी सड़क पर रहे, तब तक शहरवासियों व प्रशासन की सांसे अटकी रही। मगर प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि वे अपना जुलूस शातिंपूर्ण ढंग से निकालेंगे और लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। प्रेमियों के आज के रुख को देखते हुए लगता नहीं कि अब यह मामला आसानी से निपटेगा। डेरा प्रेमियों के नेताओं ने कल सिरसा में भी एक बैठक बुलाकर आगे की रणनीति बनाने की बात कही है। डेरा के आक्रामक रुख और सिख नेताओं द्वारा डेरा मुखी को लेकर की जा रही बयानबाजी से साफ है कि आने वाले दिन तनाव पूर्ण हो सकते हैं।