
फतेहाबाद 30 जुलाई/रमेश गिल्होत्रा- मूल प्रवाह अखिल भारत नेपाली एकता समाज टोहाना व फतेहाबाद नगर समिति के सदस्यों ने आज उपायुक्त को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि सीबीआई आरूषि व हेमराज हत्याकांड में निर्दोष नेपाली नौकरों को फंसा रही है। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने दावा किया कि किशन, राजकुमार व विजय मंडल ने आरूषि व हेमराज की हत्या इसलिए कर दी, क्योकिं डा. तलवार ने किशन को डांटा था। मालिक के डांटने पर कोई नौकर मालिक की कैसे हत्या कर सकता है? सीबीआई के तर्क किसी के गले नहीं उतर रहे। ज्ञापन देने आए प्रतिनिधि मंडल में सुरेश पांडे, मेघराज, माया थापा, किशन कुमार व रण बहादुर ने कहा कि सीबीआई नेपाली नौकरो के परिवारों को भी बिना वजह तंग कर मानवाधिकारों के अधिकारों का हनन कर रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि आरूषि व हेमराज के हत्यारो को सजा होनी चाहिए। हेमराज के परिवार को उचित क्षतिपूर्ति दी जाए। छानबीन के दौरान निर्धन कामदारों व संपन्न लोगों के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए। छानबीन कानून सम्मत तरीके से की जानी चाहिए।