फतेहाबाद 11 जुलाई/मुकेश- शहर पुलिस ने फतेहाबाद के देवेन्द्र कुमार की शिकायत पर बरसीन निवासी नरेन्द्र, प्रोपर्टी डीलर घनश्याम आनंद, रामचंद, नम्बरदार रामकुमार व रामपति पत्नी हनुमान के विरूद्ध धोखाधड़ी करने, सरकारी रिकार्ड में छेड़छाड़ करने के आरोप में भादस की धारा 419,420, 467, 468, 471 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है। अभी तक किसी भी अभियुक्त की गिरफ्तारी का समाचार नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त लोगों पर आरोप है कि उन्होंने देवेन्द्र के 10 मरले प्लाट को फर्जी ढंग से अपने नाम करवा लिया है। आरोप है कि विक्रेता के स्थान पर किसी और देवेन्द्र को खड़ा कर रजिस्ट्री करवा ली गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नगर पालिका के पूर्व प्रधान भीम सैन चराईपोत्रा के भांजे देवेन्द्र निवासी फतेहाबाद हाल आबाद नई दिल्ली के नाम शिव नगर में एक प्लाट था इस प्लाट को मस्तान सिंह हत्या मामले में चर्चा में आए बरसीन निवासी नरेन्द्र पुत्र सागरमल ने खरीद लिया। आरोप है कि विक्रेता के स्थान पर फर्जी देवेन्द्र को खड़ा किया गया। नंबरदार ने शिनाख्त कर दी। जब प्लाट 12जनवरी 2006 को नरेन्द्र के नाम हो गया तो उसने यह प्लाट प्रोपर्टी डीलर घनश्याम आनंद की मार्फत उस प्लाट के पड़ोसी रामपति निवासी शिव नगर को 19 जुलाई 2007 को बेच दिया। घनश्याम आनंद ने रजिस्ट्री देखी तो नर्रेन्द्र के नाम थी। इसलिए उसने सौदा करवा दिया।