रतिया 24 जुलाई/राजेन्द्र मित्तल/सचिन ललित- कल रतिया में बंद के दौरान दो सिखों पर हुए हमले के विरोध में आज रतिया सिख समाज ने स्थानीय गुरूद्वारे में एक विशेष बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता गुरूद्वारा लोकल कमेटी के रणजीत सिंह भानीखेड़ा ने की। आज की इस बैठक में कल डेरा प्रेमी दुकानदारों द्वारा सिख युवाओं पर किए गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई और सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि सिख युवाओं पर हमला करने वाले जयदुर्गा फैशन व बल्ले-बल्ले फेशन कैम्प का सिख समाज द्वारा बायकाट किया जाए और कोई भी सिख व्यक्ति इनसे किसी प्रकार का नाता नहीं रखेगा। जो सिख इन डेरा प्रेमी दुकानदारों से नाता रखेगा, उसका भी जनरल बायकाट किया जाएगा। इसके अलावा रतिया नगर पालिका की चेयरमैन निर्मलजीत कौर ने भी आश्वासन दिया है कि वह पंचायतों में कह कर उक्त डेरा प्रेमियों से बायकाट करने का आह्वान करेंगी। उन्होंने कहा कि यदि उक्त डेरा प्रेमी समय की नाजुकता को समझते हुए अपने व्यापारिक संस्थान बंद कर देते तो मामला इतना अधिक न बिगड़ता। बैठक में अब तक सिख युवाओं के हमलावरों को गिरफ्तार न करने पर प्रशासन की कड़ी निंदा की गई और निर्णय लिया गया कि डबवाली के शहीद हरमंदर सिंह की याद में रतिया गुरूद्वारा में रखे गए पाठ का भोग 30 जुलाई को डाला जाएगा ओर यदि उस बैठक तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो मामला और भड़क सकता है। बैठक में 27 जुलाई को डबवाली में होने वाले समारोह में भाग लेने का निर्णय लिया गया। आज की इस बैठक में प्रधान के अलावा ब्लाक समिति, रतिया की चेयरमैन निर्मलजीत कौर, शिरोमणि अकाली दल के महासचिव परमजीत सिंह अहरवां, बलजीत सिंह जोहल, स. स्वर्ण सिंह, अनूप सिंह सहित काफी संख्या में सिख मौजूद थे। बैठक के बाद सभी सिखों ने एसएचओ जयपाल व तहसीलदार राजेन्द्र गहलोत से मिलकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।