Thursday, July 17, 2008
उपायुक्त ने लगाई प्रिंसिपल को फटकार
फतेहाबाद 17 जुलाई/रमेश गिल्होत्रा- आज जिला उपायुक्त ने गवर्नमेंट ब्वाय स्कूल, गर्ल्ज स्कूल व बीईओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने स्थानीय ब्वाय स्कूल में प्रिंसीपल विजय कुमार को स्कूल में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला उपायुक्त बीईओ कार्यालय में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वयं कार्यालय में पेयजल की टैंकी को ओवरफ्लो होते देख टैंकी के पास पहुंच कर मुआयना किया। इसके बाद उपायुक्त राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में डीईओ बी.आर. वत्स व सहायक बीईओ अजीत सिंह चुघ के साथ पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जब प्रिंसीपल सुमित्रा देवी से स्कूल के कमरों व विभागों के बारे में पूछा तो प्रिंसीपल सही जानकारी देने में असमर्थ रही। इसके साथ-साथ जब जिला उपायुक्त ने विद्यालय में कम्प्यूटर शिक्षा का प्रशिक्षण ले रहे विद्यार्थियों से कम्प्यूटर के बारे में पूछा तो उन्हें इस बारे कोई भी जानकारी नहीं थी। अधिकतर विद्यार्थी कम्प्यूटर के ऑन-ऑफ स्विच के बारे में भी बताने में असमर्थ रहे थे। जबकि कम्प्यूटर प्रशिक्षक का कहना था कि वह बेसिक कोर्स करवा चुकी है। विद्यालय में बाहर लग रही क्लासों के बारे में जब जिला उपायुक्त ने प्रिंसीपल से जानकारी मांगी तो उन्होंने कहा कि कुछ कमरों में स्कूल का सामान व कुछ कमरों में बोर्ड का सामान पड़ा है। प्रिंसीपल के इस रवैये पर जिला उपायुक्त ने उन्हें जमकर फटकार लगाई।