Wednesday, July 16, 2008
विधवा से बलात्कार
रतिया 16 जुलाई/राजेन्द्र मित्तल/सचिन ललित- निकटवर्ती गांव लाम्बा में गत रात्रि एक युवक द्वारा विधवा से घर में घुसकर जबरदस्ती मारपीट करने व कथित तौर पर बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला को उसके भाई व अन्य लोगों ने रात्रि 11बजे सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस व पत्रकारों को जानकारी देते हुए उक्त महिला 35 वर्षीय प्रवीन कौर (काल्पनिक नाम) विधवा रणजीत सिंह ने बताया कि 13 जुलाई की रात्रि को लाम्बा निवासी गज्जी उर्फ गज्जन (30) पुत्र बूढी सिंह ने दो-तीन बार उसके घर का दरवाजा खटखटाया। जब उसने दरवाजा खोला तो गज्जी ने उससे गाली-गलौच करना शुरू कर दिया व उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि जब उसने शोर मचाकर पड़ोसी भूरा सिंह का दरवाजा खटखटाया और भूरा सिंह व उसकी पत्नी उसे अंदर ले जाने लगे तो गज्जी सिंह ने उसे लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी दीवार फांद कर भूरा सिंह के घर आया और जान से मारने की धमकी देने लगा तो भूरा सिंह ने महिला को बाथरूम में छुपा दिया। इसके बाद महिला छुपती-छुपाती घर पहुंंची और अगले दिन अपने भाई बलविन्द्र सिंह निवासी पंजाब को सूचित किया। जिसने उसे गांव लाम्बा व चिम्मो के मौजिज लोगों के साथ हस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़िता ने बताया कि वह अपने सास-ससुर से अलग रह रही है। उसके तीन बच्चों में से एक लड़के की शादी हो चुकी है। महिला की शिकायत पर एसआइर् राजकुमार ने बयान दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। एसएचओ जयपाल सिंह ने बताया कि महिला के बयानों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर एसएमओ विजय जैन ने बताया कि महिला के भर्ती होने के फौरन बाद उन्होंने पुलिस को इस बारे सूचना दे दी है। अब पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने के बाद ही महिला का मेडीकल किया जाएगा। वहीं सामान्य अस्पताल में महिला चिकित्सक न होने के कारण महिला का मेडीकल फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में होगा। पता चला है कि उक्त पीड़ित महिला व आरोपी के आपसी संबंधों को लेकर गांव में पहले भी दो-तीन बार पंचायतें हो चुकी हैं। बताया गया है कि आरोपी विधवा का पड़ोसी है।