सिरसा 22 जुलाई/निस- डबवाली में डेरा प्रेमियों द्वारा की जा रही नामचर्चा के विरोध में सिख समुदाय द्वारा जगह-जगह डेरे तोड़े जाने व डेरा प्रेमियों की दुकानें जलाने के मामले में सिख समुदाय पर प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न करने से खफा डेरा प्रेमियों की एक बैठक आज स्थानीय कशिश रैस्टोरेंट में संपन्न हुई। इस बैठक में दूर-दूर से हजारों डेरा प्रेमी पहुंचे। चार घंटे तक चली इस बैठक में प्रशासन द्वारा डेरा प्रेमियों को सहयोग न दिए जाने की कड़ी निंदा की गई। बैठक के बाद एक्शन कमेटी व यूथ वेलफेयर फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर मांग की कि डबवाली में जलाई गई दुकानों व मकानों के मामले में प्रभावितों को तुरंत मुआवजा मिले तथा डेरा प्रेमियों पर दर्ज मुकद्दमे खारिज किए जाए। ज्ञापन में बलजीतसिंह दादुपुर व सुखविन्द्र सिंह खालसा की गिरफ्तारी की गिरफ्तारी की भी मांग की गई। एक्शन कमेटी के प्रधान रामपाल सैनी ने कहा है कि अगर सरकार प्रेमियों के जान-माल की रक्षा नहीं कर सकती है तो वह हाथ खड़े कर दे, प्रेमी अपनी रक्षा खुद कर लेंगे। सतपाल टोहाना ने कहा कि घुक्का वाला डेरा जलाने के मामले में 65 लाेगों के नाम पुलिस को दिएगए हैं मगर पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। डेरा प्रेमियों के तेवर आज काफी कड़े नजर आए।