फतेहाबाद 14 जुलाई/निस- जिला फतेहाबाद आज उम्र के 11 पड़ाव पूरे कर चुका है। कल फतेहाबाद का 12वां जन्मदिवस है। हालाकिं 11 वर्षो में फतेहाबाद विकसित जिला तो नहीं बन सका, लेकिन विकास की आहट धीमे से सुनी जा सकती है। 11 वर्षों में त्रासदी यह रही कि एक मात्र सरकारी कारखाना भूना मिल भी बंद हो गया। मगर फतेहाबाद को लघु सचिवालय, कोर्ट काम्पलैक्स, किसान सेवा केंद्र, पुलिस लाइन, बड़ा अस्पताल, गर्ल्ज कालेज जैसे कई तोहफे मिले। उपायुक्त और पुलिस कप्तान आसानी से उपलब्ध हो गए। जिले के सभी शहरों में बरसाती पानी की निकासी, दूषित पेयजल आपूर्ति, अनियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याएं बरकरार रहीं। फतेहाबाद को रेल से जोड़ने का सपना हमारे नेताओं के निठल्लेपन का सबसे बड़ा सबूत साबित हुआ है। रेल को लेकर सभी नेता एक से बढ़कर एक निकले। अपराध मामले में टोहाना को छोड़ कर कुल मिलाकर स्थिति नियंत्रण में रही।फतेहाबाद जिले की उम्र यदि 11 वर्ष है तो फतेहाबाद वासियों की उम्र भी इससे ज्यादा नजर नहीं आती। स्वयं उपायुक्त हैरान हैं कि लोग अपनी समस्याओं को चुने हुए प्रतिनिधियों के सामने नहीं उठाते। जिला वासी समस्याओं व मूलभूत जरूरतों को लेकर खासे खामोश रहते हैं। शहर में डाक नहीं बंटती। कभी कोई डाकपाल के पास शिकायत लेकर नहीं जाता। शहरों की गलियों की सड़कें बदहाल हैं। टोहाना की कई कालोनियों में, फतेहाबाद की पुरानी कोर्ट रोड़ पर तीन-तीन फुट पानी भर जाता है। फतेहाबाद जिला वासी यदि अपने पड़ोसी जिले हिसार व सिरसा के विकास को देखते हैं तो स्पष्ट नजर आता है कि सरकार कोई भी रही हो, सबने फतेहाबाद से पक्षपात किया। पड़ोसी जिलों में कई-कई विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कालेज, स्टेडियम हैं और फतेहाबाद शिक्षा की दृष्टि से हरियाणा में मेवात के बाद सबसे पिछड़ा जिला है। सभी दफ्तरों में लालफीताशाही का आलम है। नगर परिषदों के अस्तित्व पर ही सवाल है। जिस जिले में सफाई टैण्डर में घोटाला होता है, वहां और क्या उम्मीद की जा सकती है। चिल्ली झील और बाईपास किसी स्वप्न की तरह नजर आते हैं। कई मुख्य मुद्दों पर पड़ोसी जिलों के अधिकारियों के पास ड्यूल चार्ज हैं। खेल अधिकारी की तलाश स्वयं उपायुक्त भी कर रहे हैं। जिले को सुंदर बनाने की सोच कहीं किसी स्तर पर नजर नहीं आती। उम्मीद है कि लोग जिले के अगले जन्मदिन से पहले अवश्य उठेंगे और अपनी मांगों, मूलभूत जरूरतों व विकास को लेकर नेताओं व अफसरों से आमने-सामने बात करेंगे।
जिले की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर जिला वासियों को हार्दिक बधाई।