Monday, July 14, 2008

बिजली मीटरों के लिए भटकते उपभोक्ता

फतेहाबाद 14 जुलाई/मुकेश नारंग- शहर के बिजली उपभोक्ताओं को बिजली मीटरों के लिए भटकना पड़ रहा है। बावजूद इसके मीटर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। बिजली निगम के शहरी उपमंडल कार्यालय में इन दिनों बिजली के नए कनैक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं की लम्बी लाइन लगी हुई है लेकिन निगम नए कनैक्शन जारी नहीं कर पा रहा है। जिसका प्रमुख कारण बिजली मीटरों की किल्लत है। जहां एक ओर पिछले सप्ताह बिजली निगम ने एक आदेश जारी कर बिजली मीटरों की किल्लत का हवाला देते हुए उपभोक्ताओं को अपने बिजली मीटर बाजार से खरीद कर लगवाने को कहा था, वहीं बाजार में बिजली मीटरों का टोटा पड़ा हुआ है। इससे पूर्व उपभोक्ताओं को निगम कार्यालय से मीटर उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। जिसके चलते उन्हें 600 रुपए में मिलने वाला मीटर बाजार से 1200 रुपए में खरीदना पड़ रहा था। लेकिन इन दिनों निगम द्वारा अधिकृत इलैक्ट्रोनिक फर्मों के पास मीटरों का अभाव है। वहीं निगम के दिन-प्रतिदिन बदलते आदेशों से फर्म संचालक व दुकानदार असमंजस में है। यदि कोई दुकानदार बिजली मीटर दे भी देता है तो उसे वापिस न लेने की शर्त भी रखी जाती है। चूकिं इन दिनों बिजली निगम द्वारा छापा मार कार्रवाई को भी अंजाम दिया जा रहा है, जिस कारण हर रोज आधा दर्जन बिजली मीटर बिजली चोरी के आरोप में उखाड़े जा रहे हैं। ऐसे में शहर में बिजली मीटरों के अभाव में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।