फतेहाबाद 17 जुलाई/जयगोपाल मदान - फतेहाबाद में गाड़ियां पासिंग करवाने के नाम पर मोटर वाहन निरीक्षक हिसार व दलालों की मिलीभगत से किया जा रहा एक घोटाला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार नई सब्जी मंडी में हर सोमवार को भारी वाहनों की पासिंग होती है। हिसार के मोटर वाहन निरीक्षक इन वाहनों की पासिंग करते हैं। प्रत्येक वाहन धारक को पासिंग करवाने के लिए वाहन को मौके पर लाना होता है। प्रत्येक गाड़ी की वीडियोग्राफी भी की जाती है। सरकार द्वारा मुकर्रर की गई सरकारी फीस के मुताबिक 12 टन गाड़ी के300 रुपए, 25 टन के 400 रुपए, और 25 टन से ऊपर के 500 रुपए सरकारी फीस होती है। लेकिन दलालों की मिलीभगत से वाहन मालिकों से 1200 से 1500 रुपए वसूले जाते हैं। उक्त रकम मोटर वाहन निरीक्षक के मुनीम राम सरूप और स्थानीय ताऊ देवीलाल मार्किट में कार्यरत एक दलाल के माध्यम से होता है। इन गाड़ियों की पासिंग के लिए इन लोगों ने ताऊ देवीलाल मार्किट मेंं स्थित उक्त दलाल के कार्यालय को मुख्य अड्डा बनाया हुआ है। यहां तक कि पासिंग के बाद वाहन धारकों को कागज भी इसी दलाल के अड्डे से मिलते हैं। वाहन धारकों का कहना है कि यदि इन दलालों के द्वारा तय की गई रिश्वत वो नहीं देते हैं तो गाड़ियों में अनेकों कमियां निकाल दी जाती हैं। ‘हमें हर साल गाड़ी पासिंग करवानी होती है, ऐसे में इनके साथ कौन बहस करे।’वाहन चालकों का कहना है कि इस सारे धंधे में चार-पांच दलाल सक्रिय हैं और उनको मोटी चपत लगा रहे हैं। वाहन चालकों ने बताया कि मोटर वाहन निरीक्षक स्विफ्ट या डैकोर गाड़ी में आते हैं और दलाल उन्हीं की गाड़ी में बैठकर ही रसीदें काटते हैं। यहां तक कि रसीद कटवाने के 25 रुपए अलग से वसूले जाते हैं।