
फतेहाबाद 18 जुलाई/मुकेश नारंग- इनेलो महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष कैलाशो सैनी ने आज भूना व भट्टू में जनसभाओं को संबोधित करते हुए फतेहाबाद में ब्लाक प्रधान सरोज सांगा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिस तरह से प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, उससे कांग्रेस सरकार का सफाया जल्द ही तय है। उन्होंने महिलाओं से राजनीति में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्ववान किया। इस अवसर पर इनेलो महिला विंग की जिला प्रधान कृष्णा पूनिया, सुमन लता सिवाच व विद्या रत्ती सहित अनेक महिला नेत्री उपस्थित थीं। श्रीमती सैनी ने कहा कि सभी पार्टियों को राजनीति में महिलाओं को आरक्षण देना चाहिए। वे पार्टी से महिलाओं के लिए कितनी सीटें मांगेगी, के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तो पार्टी को तय करना है मगर वह महिला आरक्षण के पक्ष में है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना ही चाहिए। महिला आयोग के पद पर राजनीतिक महिलाओं की नियुक्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए श्रीमती सैनी ने कहा कि ऐसे पदों पर सेवानिवृत जजों को बिठाना बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि वे सभी ब्लाकों में वर्कर मीटिंग ले रही हैं। इन बैठकों में महिलाएं बढ़चढ़ कर भाग ले रही हैं। पिछले चुनावों में कुरूक्षेत्र में उनका टिकट कटनेके सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो निर्णय किया, वह ठीक और सोच समझ कर ही किया होगा। पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं पर किए जा रहे अत्याचार को शर्मनाक ठहराते हुए श्रीमती सैनी ने कहा कि हुड्डा सरकार की प्रशासन पर पकड़ नहीं रही है। जिसकी वजह से ऐसे हालात बने हैं। तीसरे मोर्चे की टूट के सवाल पर उन्होंने कहा कि तीसरा मोर्चा रहे न रहे, इनैलो को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वैसे भी अभी तीसरा मोर्चा बरकरार है।