Friday, July 18, 2008

अग्रोहा-भूना मार्ग पर जाम

भूना 18 जुलाई/उमाशंकर- समीपवर्ती गांव मोचीवाली में पिछले काफी समय से बिजली किल्लत से गुस्साए ग्रामीणों ने आज ब्लाक समिति सदस्य नीरज खान व का. कृष्ण स्वरूप गोरखपुरिया के नेतृत्व में अग्रोहा-भूना मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के चलते करीब चार घंटे तक आवागमन अवरूद्ध रहा। जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। जाम की सूचना मिलने पर निगम के कनिष्ठ अभियंता निहाल सिंह व थानाप्रभारी साधुराम मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने जाम पर ही जिला उपायुक्त से फोन पर संपर्क किया तो उपायुक्त ने उन्हें फतेहाबाद में उनके कार्यालय में आकर मिलने को कहा। जाम पर मौजूद ग्रामीण वीर सिंह, सुनील, निहाल, बलवान सिंह, डा. कृष्ण कुमार, का. नत्थूराम आदि ने बताया कि उनके गांव को गोरखपुर लाइन से जोड़ा गया है। जिसके चलते उनके गांव में मात्र एक घंटा ही बिजली रहती है। बिजली संकट के चलते गांव में पेयजल संकट भी पैदा हो गया है। जाम पर ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि उनके गांव को बैजलपुर लाइन से जोड़कर बिजली समस्या से निजात दिलाई जाए। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के उपरांत ग्रामीणों ने जाम खोला और वह फतेहाबाद में जिला उपायुक्त से मिलने पहुंंचे।