
अम्बाला 26 जुलाई/निस- डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम सिंह पर कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। सीबीआई की विशेष अदालत ने आज डेरा प्रमुख के खिलाफ साध्वियों का यौन शोषण का मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत डेरा मुखी पर 23 अगस्त को चार्जशीट फ्रेम करेगी। डेरा मुखी पर आज यह आरोप तय हो जाते मगर डेरा मुखी स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अदालत में पेश नहीं हुए। इसलिए अदालत ने 23 अगस्त को आरोप तय करने का निर्णय लिया है। अदालत ने डेरा मुखी की गैरहाजिरी पर ऐतराज जताते हुए बचाव पक्ष को दो-टूक कहा है कि अगली तारीख पर डेरा मुखी अवश्य अदालत में पेश होने चाहिए। डेरा मुखी की आज यौन शोषण व हत्या मामले में पेशी थी। मगर पिछली बार की तरह इस बार भी डेरा मुखी के वकील सूर्यप्रकाश ने डेरा मुखी का मेडीकल पेश कर डेरा मुखी की हाजिरी माफी मांग ली। डेरा मुखी की गैरहाजिरी में साध्वियों से यौन शोषण मामले पर दोनों पक्षों में जमकर बस हुई। अदालत ने सीबीआई को वकीलों की बहस सुनने के उपरांत कहा है कि सीबीआई की दलीलो को देखकर लगता है कि साध्वियों से कहीं न कहीं ज्यादती हुई है। इसलिए डेरा मुखी पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। अदालत ने आरोप तय करने के बाद 23 अगस्त की तारीख तय की है। डेरे के वकील ने कहा है कि यह मामला बनता ही नहीं है। इसे पहले ही दिन डिस्चार्ज कर देना चाहिए था। डेरे के वकील ने कहा है कि वह कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चैलेंज करेंगे। डेरा मुखी पर 2002 में साध्वियों से यौन शोषण के आरोप लगे थे। फतेहाबाद की एक साध्वी सपना ने भी कोर्ट में भी 164 के तहत अपने बयान कलमबद्ध करवाए हैं। जिसमें उसने डेरा मुखी पर यौन शोषण के गंभीर आरोप जड़े हैँ। यौन शोषण के मामलों के उजागर होने के बाद एक साध्वी के भाई रणजीत सिंह खानपुर कौलियां तथा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या हुई। हत्याओं के मामले में डेरे के मैनेजर इन्द्रसैन की जमानत अर्जी पर सुनवाई आज पूरी हो गई। इन्द्रसैन की जमानत अर्जी पर अदालत 5 अगस्त को फैसला सुनाएगी। वहीं यौन शोषण मामले में डेरा मुखी पहले ही जमानत पर हैं। ऐसे में उनके विरूद्ध आरोप तय होने के बाद भी वह फैसला आने तक जमानत पर रहेंगे। इस मामले की शिकायतकर्ता साध्वी सपना पिछले कई दिनों से लापता है।