फतेहाबाद 12 जुलाई/सुधीर/सुदर्शन- संसदीय सचिव दुड़ाराम भले ही जिले के विकास के अनेकों दावे कर ले लेकिन उनके पैतृक गांव मोहम्मदपुर रोही में जाते ही यह सब दावे खोखले साबित नजर आने लगते हैं। उनके गांव में पिछले कई वर्षों से गलियों का निर्माण न होने से लोग काफी परेशानी झेल रहे हैं। लोगों का कहना है कि गांव के वार्ड नं। 1 व 2 में बंसीलाल सरकार के समय गलियां बनी थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इन गलियों की ईंटें सरपंच ने उखड़वा दी हैं। जिसके चलते ग्रामीणों में सरपंच व प्रशासन के प्रति रोष पाया जा रहा है। गली टूटने के बाद उनके घरों का गंदा पानी गली में एकत्रित होता है। प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान न देने के रोष स्वरूप ग्रामीणों ने इन गलियों में एकत्रित कीचड़ व पानी में धान की बिजाई कर रोष जताया । ग्रामीणों का कहना है कि एक साल पहले भी उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा था। लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी समस्या का समाधान न हुआ तो वे रोड जाम कर देंगे। ग्रामीणों ने सरपंच पर विकास कार्यों में पक्षपात करने का भी आरोप लगाया है। इस मौके पर हरदयाल सिंह, रतन सिंह, गुरबख्श, बलवंत, सतनाम, हेतराम, शकुंतला, गुरदीप, रणजीत, मंजीत, भागवती, प्रकाश कोर, गुरदीप कौर आदि मौजूद थे।