Monday, July 14, 2008

90 विधायकों तथा 10 सांसदों को मिलेंगे प्लाट

चंडीगढ़ 14 जुलाई - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में आज यहाँ हुई मत्रिंमण्डल की बैठक में हरियाणा के वर्तमान विधायकों एवं सांसदों को मकान या फ्लैट के निर्माण के लिए पंचकूला तथा गुड़गांव में भूमि आवटिंत करने के लिए एक नीति तैयार करने का निर्णय लिया गया। सभी 90 विधायकों तथा 10 सांसदों को भूमि आवटिंत करने के लिए हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष से प्राप्त हुए आग्रह पर विचार करने के लिए ऐसी नीति तैयार करने का निर्णय लिया गया है। विधायक एवं सांसद पंचकूला एवं गुड़गांव में मकान एवं फ्लैट के निर्माण के लिए भूमि आवटिंत करने का लगातार आग्रह करते रहे हैं, क्योकिं उन्हें विधानसभा सत्र तथा चंडीगढ़ में आयोजित बैठकों के दौरान उपयुक्त आवास न मिलने के कारण अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी प्रकार दिल्ली एवं गुड़गांव में भी उपयुक्त आवास उपलब्ध न होने की समस्या सामने आ रही है, क्योकिं उन्हें विभिन्न कार्यों से बार-बार राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करना पड़ता है। हरियाणा के केवल वर्तमान विधायक या सांसद ही ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी का सदस्य बनने या प्लाट के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। बहरहाल, ऐसे विधायक या सांसद, जिन्हें स्वयं या पति या पत्नी के नाम सरकार के ऐच्छिक कोटे के तहत प्लाट आवटिंत किया गया है, आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे।