Friday, July 25, 2008

यूएनपीए देशव्यापी जनआंदोलन चलाएगी - अजय चौटाला

चंडीगढ़, 25 जुलाई। इनेलो यूपीए सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए यूएनपीए व अन्य सहयोगी दलों, बसपा व वामपंथी पार्टियों के साथ मिलकर जल्द ही एक देशव्यापी जनआंदोलन चलाएगी। ये बात इनेलो के प्रधान महासचिव अजय सिंह चौटाला ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सांसदों की खरीदो-फरोख्त, बढती मंहगाई व परमाणु करार के विरोध किसानों की दुर्दशा और अन्य ज्वलंत मुद्दो को लेकर देश भर में आंदोलन चलाने के लिए करीब एक दर्जन राजनैतिक दलों द्वारा सामुहिक तौर पर यह निर्णय लिया गया है। पत्रकार सम्मेलन में पूर्व वित्तमंत्री प्रो।संपत सिंह और इनेलो संसदीय दल के सदस्य डा। के।सी बांगड भी मौजूद थे। इस आंदोलन को चलाने व इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए एक 11 सदस्यीय संचालन समिति गठित की गई है। इस संचालन समिति के सदस्य अजय सिंह चौटाला ने कहा कि लोकसभा में विश्वासमत के दौरान यूपीए सरकार ने सांसदों की खरीदो-फरोख्त व अनैतिक हथकंडे अपनाकर चाहे संख्याबल के नाते विश्वासमत जीत लिया हो लेकिन मनमोहन सिंह सरकार की यह नैतिक हार है। जिसके चलते उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नही रह गया है। इनेलो नेता ने कहा कि सांसदों की खरीदो-फरोख्त को पूरी दूनिया ने देखा है और इससे देश की प्रतिष्ठा व गरिमा को भारी नुक्सान पहुंचा है। इनेलो सांसद ने कहा कि यूएनपीए के घटक दलों तेलगू देशम, इनेलो, झारखंड विकास मोर्चा और असम गण परिषद के साथ चारों वामपंथी दल सीपीएम, सीपीआई, आरएसपी और फोरवर्ड ब्लाक के साथ-साथ मायावती की पार्टी बसपा, एच डी देवगौडा की पार्टी जनता दल (एस) , अजीत सिंह की रालोद और टीआरएस के भी तीसरे मोर्चे के साथ जुड़ जाने से अब यूएनपीए तीसरी ताकत की बजाए देश में पहली ताकत के तौर पर उबर कर सामने आया है। उन्होंने कहा कि तीसरे मोर्चे के सभी घटक यूपीए सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चलाने के लिए पूरे देश में इक्कटठी जाऐंगी और मनमोहन सिंह सरकार को सत्ता से चलता करके ही दम लेगी। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि देश की इन एक दर्जन राजनैतिक दलों के एक साथ एक मंच पर आ जाने के बाद अब कई अन्य दल भी जल्द ही उनके साथ जुडने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस समय यूपीए घटक दलों के साथ-साथ हरियाणा कांग्रेस में भी भगदड मची हुई है। उन्होंने कहा कि करनाल के कांग्रेसी सांसद अरविंद शर्मा के किस्से सब के सामने हैं। इनेलो सांसद ने कहा कि विश्वासमत के मुद्दे पर आत्मा सिंह गिल से लेकर हरियाणा के अनेक सांसदों पर शंका व्यक्त की जा रही थी। मुख्यमंत्री से लेकर प्रदेश के अनेक मंत्री और सरकार के विश्वासपात्र लगातार एक हफ्ते तक सारे काम छोड़कर निरंतर सांसदों की पहरेदारी पर तैनात रहे। इनेलो सांसद ने कहा कि परमाणु करार से देश को कोई फायदा नही है और परमाणु ऊर्जा मंहगी व खतरनाक होने के साथ-साथ परमाणु कचरा लोगों के जीवन के लिए भयानक खतरा पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि भारत जैसे सघन आबादी वाले देश को परमाणु ऊर्जा की बजाए अन्य प्राकृतिक संसाधनों से बिजली पैदा करने की संभावनाओं पर तेजी से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी परमाणु करार का डटकर विरोध करती है और कांग्रेस द्वारा निजी स्वार्थों के लिए देश को अमेरिका को गुलाम बनाने की साजिशों को किसी भी कीमत पर सहन नही करेगी। इनेलो नेता ने हुड्डा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि आज प्रदेश में पूरी तरह से जंगल राज है और सरकार नाम की कहीं कोई चीज नही हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से खराब हो गई है और आसमान छूती मंहगाई से लोगों का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश के बावजूद भी बिजली-पानी संकट बना हुआ है और लोगों को बिना बाधा दो घंटे भी निरंतर बिजली नही मिलती और लोग पीने के पानी के लिए भी तरस रहे हैं। इनेलो सांसद ने कहा कि अमेरिका व जर्मनी जैसे देश भी परमाणु ऊर्जा की बजाए बिजली पैदा करने की अन्य प्राकृतिक संभावनाओ पर अब काम कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल गैंस त्रासदी को लोग आज तक नही भूलें हैं तो ऐसे में परमाणु कचरे से होने वाले संभावित नुक्सान की कल्पना करके ही लोगों की रूह कांप जाती है। इनेलो सांसद ने कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी द्वारा संसद में गरीबी से जुझ रही कलावती का अपने भाषण में बार-बार उल्लेख किया गया था। इनेलो सांसद ने कहा कि कलावती जैसे गरीबी से जुझ रहे परिवारों की मौजूदा दयनीय स्थिति के लिए कोई अन्य नही बल्कि राहुल गांधी के पडनाना (जवाहर लाल नेहरू), दादी (इदिंरा गांधी), पिता (राजीव गांधी) और मां (सोनिया गांधी) के साथ-साथ वह खुद राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी भी बराबर की जिम्मेवार हैं। इनेलो नेता ने कहा कि नेहरू परिवार व कांग्रेस ने देश में कुल 60 सालों में से 50 साल शासन किया है इसलिए लोगों को उनकी मूलभूत सुविधाऐं भी न दिलवा पाने के लिए उनका अपना परिवार व कांग्रेस पार्टी ही पूरी तरह से जिम्मेवार है। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि यूएनपीए व अन्य दलों का गठजोड़ यूपीए सरकार को चलता करने के लिए सामुहिक तौर पर आंदोलन चलाएगा। इनेलो सांसद ने सवालों के जवाब में स्पष्ट किया कि अभी तक इन दलों के बीच कोई चुनावी अथवा राजनैतिक गठजोड़ नही हुआ है। उन्होंने कहा कि तीसरे मोर्चे की बैठक में भावी प्रधानमंत्री का कोई मुद्दा भी सामने नही आया और राजनैतिक गठजोड़ का फैसला चुनावों के वक्त ही लिया जाऐगा। उन्होंने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री चुनने का अधिकार चुने जाने वाले सांसदों के पास होगा और ऐसे में अभी से अगले प्रधानमंत्री के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि विश्वासमत के विरोध में बसपा सुप्रीमों द्वारा लिए गए मजबूत स्टैंड से मायावती का राजनैतिक कद उंचा हुआ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे भिवानी से ही अगामी लोकसभा चुनाव लडेंगें।