Monday, July 14, 2008

विभिन्न घटनाओं में एक महिला सहित तीन व्यक्तियों की मौत

फतेहाबाद 14 जुलाई/सुदर्शन नरूला- जिले में आज विभिन्न घटनाओं में एक महिला सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई है। पहली घटना में समीपवर्ती गांव गोरखपुर में आज एक ट्रैक्टर ट्राली को क्रॉस करते समय मोटर साइकिल के असंतुलित होकर गिरने से एक महिला नीतू रानी पत्नी बिजेन्द्र कुमार निवासी बड़सी (कलायत) की मौत हो गई है। शव का फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सोंप दिया है। मिली जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय नीतू रानी गांंव गोरखपुर स्थित अपने मायके में आई हुई थी। आज सुबह वह गांव के जमींदार सूबे सिंह के खेत में मजदूरी करने के लिए मोटर साइकिल पर सवार हो जा रही थी कि थोड़ी ही दूरी पर अचानक एक ट्रैक्टर ट्राली को क्रॉस करते समय मोटर साइकिल का संतुलन बिगड़ गया, जिससे नीतू रानी सड़क पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से मोटर साइकिल पर सवार सूबे सिंह व रीना रानी को मामूली चोटें लगी हैं।
वहीं दूसरी ओर चार-पांच दिनों पहले स्प्रे से प्रभावित गांव रुपाना निवासी नरेन्द्र कुमार ने आज सुबह सामान्य अस्पताल में दम तोड़ दिया है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार नरेन्द 4-5 दिन अपने खेत में स्प्रे कर रहा था कि स्प्रे के प्रभाव में आ गया, जिसके बाद उसके परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। आज सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामान्य अस्पताल ले आए, जहां उसने दम तोड़ दिया। इसी प्रकार कल सिरसा से भट्टू आते समय ट्रेेन से गिरने के कारण घायल हुए चिनाई मिस्त्री परस राम पुत्र चंदगीराम निवासी सातरोड़ (हिसार) ने आज सामान्य अस्पताल में दम तोड़ दिया है। मिली जानकारी के अनुसार परसराम कल सिरसा में किसी काम के लिए गया था। जब वह वापिसी लौट रहा था तो भट्टू के नजदीक ट्रेन से हाथ छूटने के कारण वह नीचे गिर कर घायल हो गया था। जिसे घायल अवस्था में भट्टू के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। परसराम की गंभीर हालत के चलते परिजनों उसे अस्पताल ला रहे थे तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया है।