टोहाना 21 जुलाई/सुगंध- समीपवर्ती गांव समैण में जहरीली घास खाने से किसान व पशु पालक नसीब सिंह के एक बैल व छह भैंसों की मौत हो गई है जबकि एक बैल व तीन कटड़ियों की हालत अभी भी गंभीर है। मृत पशुओं को आज खेत में दफना दिया गया है। मौके पर पहुंची पशु चिकित्सकों की टीम ने पुष्टि की है कि उक्त सभी पशुओं की मौत जहरीली वस्तु खाने से हुई है। सूचना मिलते ही एसडीएम तिलक राज, तहसीलदार रामसिंह बिश्रोई, नायब तहसीलदार राजेश कुमार किसान के पशु बाड़े में पहुंच गए लेकिन तब तक पशुओं की मौत हो चुकी थी। मामले की जानकारी देते हुए किसान नसीब सिंह ने बताया कि कल सुबह जब उसकी छह भैंसे, दो बैल व तीन कटड़िया जुगाली करने गए थे। शाम को जब सभी पशु वापिस आए तो पशुओं की हालत बिगड़ गई। देर रात्रि इलाज के लिए पशु चिकित्सकों को बुलाया गया लेकिन आज सुबह एक के बाद एक 6 भैंसे व एक बैल की मौत हो गई थी। जबकि एक बैल व तीन कटड़ियों की हालत गंभीर है। पशु चिकित्सक डा. मान सिंह ने मृत भैंसों का पोस्टमार्टम कर पुष्टि की है कि उक्त सभी पशुओं की मौत स्प्रे युक्त घास व पौधे आदि खाने से हुई है। किसान नसीब सिंह का कहना है कि उसके पशु कल पास में ही कपास के खेत में चरने गए थे। उस खेत में एक दिन पहले ही कीटनाशक छिड़का गया था। इसी के चलते उसके पशुओं की मौत हो गई है। किसान नसीब सिंह ने हरियाणा सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है। किसान की मरी सभी भैंसे मुर्राह नस्ल की बताई गई है। भैंसों की मौत से उक्त किसान को करीब छह लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उक्त किसान पिछले काफी समय से पशुपालन का काम कर रहा है और यह भैंसे भी उसने काफी समय पहले खरीदी थी।