Thursday, July 31, 2008

एसएमओ ने किया सामान्य अस्पताल का काया पलट

फतेहाबाद 31 जुलाई/रमेश गिल्होत्रा- सामान्य अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डा. एच.एल. गुप्ता ने आज से सामान्य अस्पताल में मेडीकल सुपरीडेंटेड का कार्यभार संभाल लिया है। इसके साथ-साथ अस्पताल में एडीशनल एसएमओ डा. रमेश चक्रवर्ती को आज से अस्पताल के एसएमओ का कार्यभार दे दिया गया है। डा. चक्रवर्ती ने महिला एवं लेबर विभाग का कार्यभार संभाल लिया है। ज्ञात रहे कि हरियाणा सरकार द्वारा गत माह सामान्य अस्पताल के एसएमओ डा. एच.एल. गुप्ता का किलोई का तबादला कर दिया गया था। जिसके बाद से सामान्य अस्पताल के स्टाफ व शहरवासियों में निराशा थी। लेकिन हरियाणा सरकार ने तीन दिन पहले ही श्री गुप्ता का तबादला रद्द कर उन्हें फिर से सामान्य अस्पताल के एसएमओ का चार्ज दे दिया है। श्री गुप्ता के एक बार फिर से एसएमओ बनने से अस्पताल स्टाफ व पब्लिक में खुशी का माहौल है। श्री गुप्ता 12 जुलाई 2007 को फतेहाबाद में एसएमओ नियुक्त हुए थे। उनके एसएमओ बनने के बाद सामान्य अस्पताल की काया ही पलट गई। अस्पताल में नया एमरजैंसी वार्ड, नया फर्नीचर, सभी ओपीडी वार्डोँ में ए.सी., वार्डों में कूलर, 24 घंटे हॉट लाइन सुविधा, 30 किलोवाट का जनरेटर, वाटर कूलर जैसी सुविधाएं मरीजों को उपलब्ध करवाई गई। जिसके चलते धीरे-धीरे अस्पताल की सारी कमियां दूर होती गई और मरीजों को भी हर प्रकार की सुविधाएं मिलने लगी। आज सामान्य अस्पताल लोगों को निजी अस्पताल की भातिं सुविधाएं दे रहा है। आज अस्पताल में हर रोज करीब 600-700 मरीज अपना इलाज करवा रहे हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि वह प्रयासरत हैं कि अस्पताल में जल्द ही नई रोड़ बनने जा रही है। इसके अलावा अस्पताल के क्वार्टर व चारदीवारी की मुरम्मत भी जल्द करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में वर्तमान में जो भी कमियां हैं, वह शीघ्र ही दूर की जाएंगी। इसके अलावा सामान्य अस्पताल के प्रति लोगों के विश्वास को और अधिक बढ़ाया जाएगा ताकि लोग निजी अस्पतालों में दौड़ने की बजाए सामान्य अस्पताल की ओर रुख करेंगे