Friday, July 4, 2008

कुलदीप बिश्रोई ने गिरफ्तारी दी

गुड़गांव 04जुलाई- गुड़गांव के गांव गढ़ी हरसरू, गढ़ोली खुर्द, मोहम्मदपुर, झाड़सा, खांडसा व नरसिंहपुर की जमीन को एसईजैड के लिए अधिग्रहित किए जाने के विरोध में हरियाणा जनहित कांग्रेस के सुप्रीमो कुलदीप बिश्रोई व सैंकड़ों हजकां वर्करों ने गिरफ्तारी दी और बाद में जिमखाना क्लब के बाद सांकेतिक धरना दिया। पुलिस ने कुछ घंटे हिरासत में लेने के बाद कुलदीप बिश्रोई सहित सभी वर्करों को रिहा कर दिया। पकड़े गए लोगों में फतेहाबाद जिला शहरी प्रधान राजेन्द्र चौधरी सहित फतेहाबाद के अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलदीप बिश्रोई ने सरकार को अधिग्रहण रोकने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम का समय गुजरने के बाद आज हजकां के सैंकड़ों कार्यकर्ता हरियाणा से गुड़गांव पहुंचे। मगर पहले से ही अलर्ट पुलिस ने सांसद कुलदीप बिश्रोई को सैक्टर 29 में गिरफ्तार कर जिमखाना क्लब में नजरबंद कर दिया। जबकि हजकां वर्करों को कापसहेड़ा बार्डर व फरीदाबाद बार्डर पर गिरफ्तार कर लिया। कुलदीप बिश्रोई द्वारा वर्करों को छोड़े जाने की जिद करने पर पुलिस ने इन वर्करों को बसों में भरकर गुड़गांव से कई-कई किलोमीटर दूर उतार दिया। बाद में खफा वर्करों ने जिमखाना क्लब के बाहर सांकेतिक धरना दिया तथा सरकार द्वारा अधिग्रहित की जा रही भूमि का विरोध किया। वहीं दूसरी ओर आज भी एचएसआईआईडीसी और रिलांयस कम्पनी के एसईजैड के लिए जमीन अधिग्रहण का काम जारी रहा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चारदीवारी का काम किया गया। अधिग्रहित की जाने वाली जमीन पर और रास्ते में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है।