Friday, July 4, 2008

भट्ठा मालिक से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी

टोहाना 04 जुलाई/निस- टोहाना के गांव कन्हड़ी में मोदी ईंट भट्ठा मालिक सुदर्शन मोदी व हरियाली काम्पलैक्स के मैनेजर दिनेश कुमार को पत्र लिखकर 50-50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। फिरौती मांगने वाले ने फिरौती की रकम एक हफ्ते के अंदर न देने पर दोनों के परिवारों को खत्म करने की धमकी दी है। पुलिस ने सुदर्शन मोदी व दिनेश कुमार की शिकायत पर कन्हड़ी निवासी रामकुमार के विरूद्ध भादंसं की धारा 387 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कल मोदी ईंट भट्ठा मालिक सुदर्शन मोदी व हरियाली बाजार के मैनेजर दिनेश कुमार को दो अलग-अलग गुमनाम पत्र मिले। दोनों पत्रों में भट्ठा मालिक व व्यापारी दिनेश से 50-50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। सुदर्शन मोदी व दिनेश कुमार ने फिरौती मांगने के लिए रामकुमार पर शक व्यक्त किया। उनका कहना था कि रामकुमार उनसे पहले भी फोन पर फिरौती मांग चुका है और धमकी भी दे चुका है। टोहाना में व्यापारियों पर हमले व फिरौती की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की है।