Saturday, July 5, 2008
यूएनपीए मुलायम सिंह के बिना भी चलता रहेगा -चौटाला
नई दिल्ली 05 जुलाई/निस- एटमी करार मसले पर राजनीतिक दलों के बीच जारी रस्साकसी के बीच इनैलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने आज कहा कि यूएनपीए एटमी करार के खिलाफ है और मुलायम सिंह यादव अपनी रणनीति तय करने के लिए आजाद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह मुलायम सिंह का सम्मान करते हैं पर उनके विचारों का समर्थन नहीं करते। करार पर सपा द्वारा यूपीए को दिया गया समर्थन कांग्रेस के लिए भले ही बडी सौगात हो पर यूएनपीए के नेताओं को मुलायम सिंह यादव का यह रुख पंसद नहीं आया है। ऐसी सूचना है कि मुलायम सिंह को यूएनपीए से बाहर कर दिया गया है और तीसरा मोर्चा टूटता हुआ लग रहा है। आज श्री चौटाला ने इस बात की पुष्टि की कि मुलायम सिंह यादव को मोर्चे से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यूएनपीए मुलायम सिंह के बिना भी चलता रहेगा। यूएनपीए के बाकी सहयोगी दल करार का विरोध करेंगे। वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के अमर सिंह ने जोर देकर कहा है कि उनकी पार्टी यूपीए सरकार में शामिल नहीं होगी। उन्होंने यह भी साफ किया है कि डील के लिए डील नहीं हुई है। अमर सिंह ने कहा कि हमारे ऊपर कोई दबाव नहीं है, न ही हमें कोई ब्लैकमेल कर रहा है। उन्होंने वामपंथी दलों की भी आलोचना की और कहा कि वामपंथी दलों ने पिछले एक साल से यूपीए सरकार से समर्थन वापिसी की कई बार धमकी दी लेकिन ऐसा किया नहीं।