Thursday, July 3, 2008
वैज्ञानिकों की सलाह लेंगे - यूएनपीए
नई दिल्लीः समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि यूएनपीए एकजुट है और भारत अमेरिका परमाणु करार पर हम वैज्ञानिकों की सलाह लेंगे। परमाणु करार के मुद्दे पर यूएनपीए का रुख तय करने के लिए गठबंधन की विभिन्न पार्टियों के नेताओं की गुरुवार को दिल्ली में बैठक हुई। बैठक से पहले यूएनपीए के टूटने के कयास लगाए जा रहे थे। संभावना जताई जा रही थी कि समाजवादी पार्टी यूएनपीए का साथ छोड़कर कांग्रेस के साथ चली जाएगी। सभी संभावनाओं को दरकिनार करते हुए सपा नेता मुलायम सिंह यादव ने बैठक के बाद कहा कि यूएनपीए एकजुट है और परमाणु करार के मुद्दे पर रुख बाद में तय किया जाएगा। इस बैठक में समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव के अलावा पार्टी महासचिव अमर सिंह, टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू, आईएनएलडी के ओम प्रकाश चौटाला और एजीपी के बी. गोस्वामी शामिल हुए। बीजेपी-वीएचपी के भारत बंद की वजह से नैशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारुक अब्दुल्ला बैठक में शामिल नहीं हो सके। सपा महासचिव अमर सिंह ने बैठक के बाद कहा कि यूएनपीए सभी मुद्दों पर एकजुट है और न्यूकलियर डील के मुद्दे पर और विचारविमर्श किया जाएगा।