Wednesday, August 6, 2008

डबवाली कांड पीडितो को मुआवजा

चण्डीगढ़, 6 अगस्त : गत 18 जुलाई को डबवाली में हुई हरमंदर सिंह की मौत व आगजनी की घटनाओ में हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने पीड़ित व्यक्तियों को मुआवजा देने की घोषणा की है । मृतक हरमंदर सिंह के परिजनों को दो लाख रुपए की राशि मुआवजे के रूप में दी जाएगी । मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार 18 जुलाई को आगजनी की घटनाओं में जिन मकानों व दुकानों में नुकसान हुआ, उन सभी को मुआवजा राशि दी जाएगी । जिला प्रशासन, सिरसा द्वारा आगजनी व तोड़फोड़ से हुए नुकसान का आंकलन करवा लिया गया है । एक मकान बंद होने के कारण आंकलन नहीं हो पाया । इस आंकलन में 13 ऐसी दुकानो व मकानों की पहचान की गई है, जिनमें दो व दो लाख से अधिक रुपए के नुकसान का आंकलन किया गया । मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार इन दुकान व मकान मालिकों को एक-एक लाख रुपए की राशि मुआवजे के रूप में दी जाएगी। 18 दुकानों व मकानों में एक से डेढ लाख रुपए तक के नुकसान का आंकलन किया गया । इन दुकान व मकान मालिकों को50-50 हजार रुपए की राशि मुआवजे के रूप में दी जाएगी । उन्होंने बताया कि 13 दुकानों व मकानों में 50 हजार रुपए से एक लाख रुपए तक के नुकसान का आंकलन किया गया जिन्हें 25-25 हजार रुपए मुआवजा राशि दी जाएगी । सिरसा के उपायुक्त श्री वी. उमाशंकर ने बताया कि जिन दुकानदारों व मकान मालिकों का आंकलन 50 हजार रुपए व इससे कम हुआ है, उन्हें भी जिला रैडक्रास की ओर से मुआवजा दिया जाएगा । आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाओं में हुए नुकसान का आंकलन राजस्व विभाग की टीम द्वारा किया गया । इस टीम ने जिला प्रशासन को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है जिसके आधार पर मुआवजा राशि तय की गई है ।