चंडीगढ़, 5 अगस्त -हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रघुवीर सिंह कादियान ने हाल ही में यूपीए सरकार द्वारा संसद में रखे गए विश्वास मत प्रस्ताव के दौरान लोकसभा अध्यक्ष श्री सोमनाथ चटर्जी द्वारा निभाई गई गरीमापूर्ण भूमिका की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. कादियान लोकसभा अध्यक्ष द्वारा मलेशिया की राजधानी क्वालालाम्पुर में हो रहे 54वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने गये भारतीय शिष्टमंडल को सम्मेलन के संबंध में सक्षिंप्त जानकारी देने के लिए शनग्रिला होटल, क्वालालाम्पुर में बुलाई गई आवश्यक बैठक में बोल रहे थे। डॉ. कादियान ने कहा कि श्री सोमनाथ चटर्जी ने संसद में विश्वास मत के दौरान यह सिद्ध कर दिखाया कि अध्यक्ष के संवैधानिक पद की गरिमा दलगत राजनीति से ऊपर होती है। उनके इस वक्तव्य का शिष्टमंडल के सभी सदस्यों, पर्यवेक्षकों एवं संसदों ने मेज थपथपाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन 10 अगस्त तक चलेगा।