फतेहाबाद 19 अगस्त:
जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा और जिले में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देकर दुरुस्त किया जाएगा। यह बात आज जिला उपायुक्त श्री जे एस अहलावत ने अपने कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मीडिया जिले के विकास के लिए पूर्ण सहयोग दें और आवश्यक सुझाव भी अवश्य दें। मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है इनकी लेखनी में बड़ी शक्ति है। इस शक्ति का उपयोग जनहित में किया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनता को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का हर सम्भव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर समस्या के समाधान के लिए कोशिश की जाएगी। श्री अहलावत ने कहा कि सभी विभागों का तालमेल बढ़ाया जाएगा ताकि विकास कार्यो को गुणवत्तापूर्वक शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि समय-समय पर अधिकारियों के साथ बैठकों का आयोजन किया जाएगा और आम जनता के साथ भी बैठकों का आयोजन किया जाएगा ताकि जनता की समस्याओं का निवारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी जटिल समस्या का समाधान आपसी बातचीत के जरिये हल किया जा सकता है। हड़ताल, धरने, जाम, नारेबाजी से राष्ट्र का नुक्सान होता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस प्रकार के हथकंडों से बचना चाहिए और समाज व राष्ट्र के नवनिर्माण में अहम भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले में मलेरिया के बचाव के उचित कदम उठाएं और सभी स्थानों पर फोगिंग करवाए। जिला उपायुक्त ने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रसोई गैस की कालाबाजारी को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कानूनी कारवाई करे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्री सी जी रजनीकांथन, उपमंडलाधीश डा. जय कृष्ण आभीर, जीएम रोडवेज एस के कत्याल, नगराधीश सतीश कुमार जैन, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ओ पी शर्मा, सिविल सर्जन जे के बिश्नोई, कृषि उपनिदेशक आर सी पूनिया, जिला शिक्षा अधिकारी बी आर वत्स, कार्यकारी अभियंता कर्मचंद सहित अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद थे।