Tuesday, August 12, 2008

हरियाणा में बनेगा अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा



चण्डीगढ़, 12 अगस्त - रोहतक से सांसद श्री दीपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा उठाए गए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हरियाणा की सीमा में एक अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने का मुद्दे के अब मूर्तरूप लेने की प्रबल सम्भावना है। नागरिक उड्डयन मामलो पर संसदीय सलाहकार समिति की कल नई दिल्ली में हुई बैठक में हरियाणा में झज्जर में एक अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने का सुझाव दिया, जिसमें यह महसूस किया गया कि दिल्ली को एक और हवाई अड्डे की आवश्यकता है। उल्लेखनीय है कि श्री दीपेन्द्र हुड्डा ने गत वर्ष दिसम्बर माह के दौरान प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हरियाणा में एक ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट-कम-कार्गो एयर काम्पलैक्स स्थापित करने में हस्तक्षेप चाहा था। श्री हुड्डा ने सुझाव दिया था कि नया हवाई अड्डा सस्ती हवाई यात्रा सेवा, एयर कार्गो, निजी संचालक, हैलिकॉप्टर सेवाएं तथा वायुयान मरम्मत सेवा की जरूरतें पूरी करेगा और यह स्थल झज्जर जिले में 4347 एकड़ क्षेत्र में होगा तथा बहादुरगढ़ तहसील के मान्डोठी, जाखौदा, रोहद, सैदपुर तथा टाण्डाहेड़ी गांव के बीच होगा और यह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 एवं कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सपै्रसवे के निकट होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से हरियाणा के प्रस्ताव पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय को दिशा-निर्देश देने का भी आग्रह किया तथा हवाई अड्डा आधारभूत संरचना नीति, 1997 के 150 किलोमीटर के उप-नियम में तुरन्त समीक्षा करवाने को कहा। झज्जर में स्थापित किया जा सकने वाला हवाई अड्डा दिल्ली के वर्तमान हवाई अड्डे से 150 किलोमीटर की दूरी के अन्दर पड़ेगा। सरकार ने हाल ही में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट पर एक संशोधित नीति को क्लीयर किया है, जिसके तहत 150 किलोमीटर की दूरी में नया हवाई अड्डे के निर्माण की अनुमति दी गई है, बशर्ते केन्द्रीय मत्रिंमण्डल द्वारा इसकी विशेष अनुमति दी जाए। श्री दीपेन्द्र हुड्डा ने झज्जर में हवाई अड्डा स्थापित करने के मुद्दे के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए संसदीय सलाहकार समिति का आभार व्यक्त भी किया है। उन्होंने कहा कि नया हवाई अड्डा न केवल इदिंरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली के यातायात के भार को कम करेगा, बल्कि यह इस क्षेत्र में आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि वे यू पी ए अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह के आभारी हैं, जिन्होंने वर्तमान हवाई अड्डे से150 किलोमीटर की परिधि में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की स्थापना की शर्त में केन्द्रीय मत्रिंमण्डल के फैसले से छूट दिलवाई है। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि राजधानी में इदिंरा गांधी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा के साथ डिवैल्पर द्वारा किए गए समझौते के मद्देनजर मत्रिंयों के एक समूह को दिल्ली के निकट एक दूसरा हवाई अड्डा स्थापित करने के कानूनी पहलुओं को देखने के लिए कहा गया है।