डबवाली 12 अगस्त/निस- गत 18 जुलाई को डेरा प्रेमियों व सिखों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने आज तीन सिख युवकों को गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पकड़े गए युवकों करण सिंह निवासी डबवाली व अलीका निवासी अमरजीत सिंह व सुखमंदर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सिख युवकों को गिरफ्तार करने के विरोध में आज एक बार फिर से डेरा प्रेमियों व सिखों में तनातनी पैदा हो गई है। गिरफ्तारी के विरोध में सिख समुदाय के सैंकड़ों लोग गुरूद्वारा सिंहसभा में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द डेरा मुखी की गिरफ्तारी की मांग की। सिखों को संबोधित करते हुए सिंहसभा के प्रधान बगैल सिंह ने कहा कि प्रशासन डेरा प्रेमियों का साथ देकर सिखों के साथ अन्याय कर रही है। सिख समुदाय पकडे़ गए सिख युवकों को बरी करने की मांग पर अड़ा था। वहीं दूसरी ओर घुक्कांवाली में तोड़े गए डेरे का निर्माण शुरू होने पर सिख भड़क गए और उन्होंने डेरा प्रेमियों को निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दे डाली। तनाव की आशंका के चलते प्रशासन ने घुक्कांवाली क्षेत्र को सील कर दिया है। सिखों ने पहले से ही अल्टीमेटम दे रखा था कि यदि डेरा प्रेमी फिर से इस जगह पर डेरा बनाएंगे तो वह डेरा प्रेमियों की ईंट से ईंट बजा देंगे। सिखों की इस चेतावनी के चलते आज सुबह से ही प्रशासन ने घुक्कावाली में पुलिस तैनात कर दी है। कई आला अधिकारी मौके पर मौजूद थे। समाचार लिखे जाने तक सैंकड़ों सिख घुक्कांवाली पहुंच चुके थे और डेरे का निर्माण भी चल रहा था।