फतेहाबाद 30 अगस्त/मुकेश नारंग
दहेज लोभी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मिट्टी का तेल छिड़क कर जला दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अग्रोहा मैडिकल में दाखिल करवाया गया है। वहां वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। फिलहाल शहर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रजनी निवासी भाटिया कालोनी ने बताया कि उसकी शादी जसवंत सिंह के साथ दो माह पहले हुई थी। आरोप है कि जसवंत सिंह शादी के बाद से ही दहेज की मांग करने लग गया था, जिसके बाद दोनों में अनबन रहने लगी। रजनी के मुताबिक 24 अगस्त की रात की जब वह खाना बना रही थी तो उसके पति ने उस पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी। उसके शोर मचाने पर पड़ोसी आए व अस्पताल पहुंचा। उक्त महिला ने अपन बयान अग्रोहा मैडिकल में हिसार के न्यायाधीश सुनील श्योराण के समक्ष दिए। वहीं चिकित्सकों के अनुसार रजनी देवी 80 से 90 प्रतिशत तक जल चुकी है।