
भूना 04 सितम्बर/उमाशंकर-
समीपवर्ती गांव सनियाना में बस की समस्या को लेकर आज दर्जनों छात्रों ने करीब तीन घंटे तक यातायात अवरूद्ध कर दिया। जाम पर मौजूद छात्र सरकार व रोडवेज जीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों का आरोप है कि बस चालकों द्वारा मनमानी के चलते उनके गांवों में बसें नहीं रुकती, जिसके वह अक्सर स्कूल जाने से वंचित रह जाते हैं। छात्रों का कहना था कि बस चालक विद्यार्थियों के झुंड को देखते ही बस को तेज गति से भगा ले जाते हैं। यही नहीं, विद्यार्थियों के पास बने होने के बावजूद भी उन्हें बस में नहीं चढ़ने दिया जाता। जाम की सूचना मिलने पर भूना के एसएचओ मौके पर पहुचे। लेकिन गुस्साए छात्र अपनी मांग पर अड़ गए कि जब तक जीएम मौके पर आकर आश्वासन नहीं देते, तब तक वह जाम नहीं खोलेगे। लेकिन बाद में एसएचओ ने जब छात्रों को आश्वासन दिया कि वह इस बारे में जीएम से बात कर जल्द ही समस्या का हल निकालेंगे, तो गुस्साए छात्रों ने जाम खोल दिया।