Monday, September 1, 2008

कालाबाजारी करने वालो पर नियंत्रण करे राज्य सरकार - शैलजा





फतेहाबाद 01 सितम्बर/साकेत मैहता-


केंद्रीय शहरी रोजगार मंत्री कुमारी शैलजा ने आज स्थानीय रैस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश में हो रही रसोई गैस व अन्य जरूरी सामानों की किल्लत पर कहा कि राजय सरकार को चाहिए कि वह कालाबाजारी करने वाले लोगों पर नियंत्रण करे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव अगले वर्ष समय पर ही होंगे। कांग्रेस सरकार अपनी उपलब्धयों, जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना लागू करना, सूचना का अधिकार लागू करने सहित अनेक मुद्दो पर मैदान में उतरेगी और पुन: कांग्रेस की सरकार बनेगी। महंगाई पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महंगाई अंतराष्ट्रीय कारणों से है, जिन पर हमारा नियंत्रण नहीं है। मगर विकास दर कायम है। केंद्र व राजय सरकार गरीबों को लाभ पहुंचाने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत कर रही है। हमारी सोच है कि गरीबों को सही दाम पर राशन मिले। यदि कहीं रसोई गैस और राशन वितरण में गड़बड़ी हो रही है तो राज्य सरकार को उस पर नियंत्रण करना चाहिए। रसोई गैस की किल्लत पर उन्होंने स्वीकार किया कि लगातार सब्सीडी की वजह से घाटे में चल रही कंपनियों ने गैस की आपूर्ति कम की है। मगर सही जरूरतमंदों को गैस आज भी समय पर मिल रही है। बीपीएल सर्वे पर प्रदेश में मच रहे शोर पर उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्देश दे दिए हैं कि जो पात्र रह गए हैं, उन्हें इसमें शामिल किया जाए। अमरनाथ श्राईन बोर्ड के मामले में केन्द्र सरकार द्वारा बैकफुट पर जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसमें कोई अहम जैसी बात नहीं है। सरकार जनहित के लिए कदम उठाती है। इस कदम को बैकफुट पर जाना नहीं कहा जा सकता। भाजपा का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कुछ दलों ने इस आग को बुझाने की बजाए भड़काने की कोशिश की। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही यह मसला ठीक जाएगा। वह चुनाव कहां से लड़ेंगी, के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं अंबाला से ही चुनाव लडूंगी। कार्यकर्ताओं द्वारा सिरसा से चुनाव लड़ने का बार-बार आग्रह करने पर वह सिर्फ मुस्करा कर रह गई। इस अवसर पर उपायुक्त जेएस अहलावत, एसडीएम जयकिशन आभीर, सीटीएम सतीश जैन, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि अरविन्द शर्मा, मुख्त्यार सिंह सदर, माधोराम एडवोकेट, होशियारी लाल शर्मा, सुशील बिश्नोई, कृष्ण जिंदल, गोपीराम, राजेन्द्र ठाकुर, डा आत्म प्रकाश मैहता, जगजीत सिंह हुड्डा, विक्की मैहता, ओमप्रकाश जाखड़, सुभाष नायक, भोजाराम सरपंच, संत लाल मैहता, जोगिन्द्र, ओपी गांधी, गुरप्रीत संधू सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे।