रतिया 03 सितम्बर/राजेन्द्र/सचिन-
गांव लालवास में आज सिंचाई विभाग द्वारा खूनन-दादुपुर माइनर को बंद कर इन माइनरों का पानी सिरसा भेजने के विरोध में दर्जनों गांवों के किसान लालवास हैड पर जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। किसानों का गुस्सा देखकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। गुस्साए किसान माइनर बंद न होने देने के लिए लालवास हैड पर डेरा जमाए हुए हैं और किसानों ने घोषणा की है कि वे किसी भी हालत में दोनों माइनरों का पानी बंद नहीं होनें देंगे। जब तक लालवास हैड में पानी रहेगा व तब तक इन दोनों माइनरों में पानी चलता रहेगा। हालांकि उत्तेजित किसानों को समझाने के लिए तहसीलदार राजेन्द्र गहलोत व पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे मगर किसान टस से मस न हुए। किसानों के रवैये को देख अधिकारी वहां से वापिस लौट गए है। समाचार लिखे जाने तक किसान लालवास हैड पर ही डेरा जमाए हुए थे और स्थिति तनावपूर्ण थी। मिली जानकारी के अनुसार सिरसा जिले में पिछले कई दिनों से चल रहे जल संकट को लेकर किसानों ने सिरसा के जिलाधीश से अतिरिक्त नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग की थी। इस पर सिरसा के जिलाधीश ने फतेहाबाद के जिलाधीश से लालवास हैड का पानी सिरसा भेजने का अनुरोध किया था। बताया गया है कि फतेहाबाद के जिलाधीश के आदेशों पर नहरी विभाग के एसडीओ खूनन व दादुपुर माइनर का पानी बंद कर सिरसा में छोड़ने ही वाले थे कि इस बात का पता खूनन व दादुपुर माइनर से सटे किसानों को चल गया। सूचना मिलते ही सैंकड़ों किसान अपने ट्रैक्टर ट्रालियो पर लालवास पहुंच गए। गुस्साए किसान प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए माइनर बंद न करने की मांग पर अड़े थे। बताया गया है कि पहले तो एसडीओ किसानों को समझा-बुझाकर माइनर बंद करने पर उतारू थे लेकिन किसानों की बढ़ती तादाद देखकर उन्होंने प्रशासन को सूचित कर दिया और उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलवा लिया। माइनर बंद होने की सूचना पर मंगत राम लालवास, सरपंच जयोति राम, मेजर सिंह, पाला राम, बृजलाल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों का समर्थन किया। इस मौके पर खूनन गांव के सरपंच मिल्खा सिंह, बहाल सिंह, पाल सिंह, पृथ्वी सिंह, मेजर सिंह, प्रीतम सिंह, संदीप आदि मौजूद थे।