फतेहाबाद 05 सितम्बर/रमेश गिल्होत्रा/सुरेश फतेहाबाद जिले के विभिन्न स्कूलों में आज शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने भी कक्षाओं में शिक्षकों के किरदार निभाकर शिक्षक दिवस मनाया। वहीं फतेहाबाद के डीएवी स्कूल में उत्साहपूर्वक शिक्षक दिवस मनाया। इस मौके पर स्कूल में हवन यज्ञ आयोजित किया गया। जिसमें स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल में अध्यापकों के लिए आयोजित संगोष्ठी में अध्यापकों ने मिलकर बच्चों की समस्याओं पर विचार विमर्श किया व उनके निवारण के लिए समाधान भी सुझाया गया। इस उपलक्ष्य में आज स्कूल में दूसरी से चौथी कक्षा तक कक्षाओं का संचालन पांचवीं कक्षा के बच्चों ने अध्यापकों का किरदार निभाते हुए किया। अंत में स्कूल प्रिंसीपल सुनीता मदान ने सभी अध्यापकों को सम्मानित किया। इसी प्रकार एमएम कालेज ऑफ एजुकेशन में अध्यापक दिवस पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छह टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में मोनिका, लालचंद व चरणजीत की टीम प्रथम, सुमन, सुनील व रवि की टीम द्वितीय रही। कालेज प्राचार्या ममता चौधरी ने सभी अध्यापकों को बधाई दी। इसी प्रकार एमएम डिग्री कालेज में भी अध्यापक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कन्या कालेज के प्राचार्य अशोक भाटिया ने शिरकत की। इस मौके पर श्री भाटिया ने डा। राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला। अंत में प्रिंसीपल डीके कौशिक ने श्री भाटिया का आभार जताया। इस अवसर पर प्रो. जेएल ठक्कर, एलआर भयाना, केएल आनंद, आरके कौशिक सहित समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद थे। हिजरावां खुर्द में शिक्षक दिवस पर ग्राम पंचायत की ओर से शिक्षक ऊषा झांब, गुरमीत सिंह, दयावंती, रिचा, मदन लाल, बलबीर सिंह व कुसुम बजाज को सरपंच दलीप सिंह फौजी ने सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अध्यापक अश्वनी कंपानी, देवेन्द्र दहिया सहित अनेक अध्यापक मौजूद थे। फतेहाबाद के ब्ल्यू बर्ड स्कूल में भी शिक्षक दिवस पर डा. राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी गई। स्कूल प्रिंसीपल विजय मगन ने सभी अध्यापकों को बधाई दी। वहीं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में वाइस प्रिंसीपल वीना भयाना की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर उन्होंने सभी अध्यापकों को अध्यापक दिवस की बधाई दी। इसी प्रकार अमेरिकन इंस्टीच्यूट ऑफ इंग्लिश पर शिक्षक दिवस के उपलक्ष्यमें सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों के लिए आयोजित कार्यक्रम में विजेता रहे गौरव फुटेला को सम्मानित किया गया। अंत में सैंटर संचालक बलदेव व वीरेन्द्र ने बधाई दी।