
भूना/फतेहाबाद 04 सितम्बर/रमेश गिल्होत्रा -
आज सुबह एक निजी स्कूल की वैन पलटने से वैन में सवार 25 छात्राएं व पांच छात्रों सहित 32 जनों के घायल होने का समाचार है। घायलों में से 7 छात्राओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फतेहाबाद रैफर कर दिया गया है। जिनमें से तीन छात्राओं को अग्रोहा रैफर कर दिया गया। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायल हुए सभी छात्र-छात्राएं नाढ़ोड़ी व हसंगा के रहने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार न्यू सनराइज सी।सै. स्कूल की वैन नंबर एचआर 62-1393 आज सुबह नाढ़ोड़ी व हसंगा से विद्यार्थियों को लेकर स्कूल की ओर लौट रही थी कि करीब साढ़े आठ बजे भूना से दो किलोमीटर दूर नाढ़ोड़ी रोड़ पर सामने से आ रही रोडवेज की बस को साइड देने के चक्कर में सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। वैन के पलटने में वैन में सवार गगनदीप कौर, रेनू देवी, सुमन, कांता देवी, संतोष, पूनम, सरोज, शिल्पा, कविता, प्रशांत, रजनी देवी, मंजू, अंतिमा, नारायणी, सरला, सुमन, प्रोमिला, संदीप, सुरेन्द्र व अमित कुमार सहित 30 विद्याथी, चालक अनूप सिंह व परिचालक घायल हो गए। घायलों में गगनदीप कौर, रेनू देवी, कविता, सुमन, प्रशांत, मोनिका, सुमन रानी की गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उन्हें फतेहाबाद रैफर कर दिया है। जहां से गगनदीप कौर, रेनू व सुमन को अग्रोहा मेडीकल में रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर स्कूल प्रिंसीपल नेहा रेवडी, मैनेजिंग डायरेक्टर अजय रेवड़ी सहित छात्रों के अभिभावक मौके पर भी पहुंच गए। घटना स्थल पर युवक गोल्डी ने बहादुरी का परिचय देते हुए घायल बच्चों को वैन से बाहर निकाला। घायल छात्राओं ने आरोप लगाया है कि उक्त वैन का चालक अक्सर तेज गति से वैन चलाता था, जिस बारे कई बार उनके अभिभावकों ने स्कूल में शिकायत भी की थी लेकिन स्कूल संचालकों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अभिभावकों में घटना को लेकर काफी रोष है।