टोहाना 26 जून/सुगंध
उपमंडल के गांव कुलां को डबल फेस लाइन से न जोड़ने से गांव में बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर आज कुलां के ग्रामीणों ने करीब सवा तीन घंटे तक बस स्टैंड पर जाम लगाए रखा। जाम के कारण जाखल रोड़, भूना रोड़, रतिया रोड़ व टोहाना रोड़ का यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। बसों को भी जाम के चलते अपना रास्ता बदल कर निकलना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर टोहाना बिजली बोर्ड के एसडीओ भीमसेन, नायब तहसीलदार राजेश कुमार व एसडीओ भूना मौके पर पहुंचे लेकिन ग्रामीणों ने तब तक जाम खोलने से इंकार कर दिया, जब तक कार्यकारी अभियंता ए।के। विर्दी मौके पर पहुंच कर उन्हें समस्या को दूर करने का आश्वासन नहीं देते। बाद में कार्यकारी अभियंता ए।के। विर्दी ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आज शाम तक उनके गांव को डबल फेस की लाइन से जोड़ दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला। जाम पर मौजूद कुलां व्यापार मँडल के अध्यक्ष सतीश बंसल, मुखत्यार सिंह, देसराज, ओमप्रकाश सिंगला, कृष्ण कुमार सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव के लिए सरकार ने दो फेस के फीडर की योजना शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं लेकिन निगम द्वारा पिछले डेढ़ साल से गांव में फीडर को स्थापित नहीं करवाया गया है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग के कहने पर उन्होंने फीडर स्थापित करने के लिए मजदूरी के तौर पर करीब डेढ लाख रुपए भी दे दिए हैं लेकिन मजदूरी देने के बावजूद भी गांव को दो फेस की लाइन से नहीं जोड़ा गया है। वर्तमान में गांव में केवल पांच घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। उसमें से भी दो-दो घंटे वोल्टेज कम होने के चलते वह कोई कार्य नहीं कर पाते। बिजली न होने से जहां एक ओर उनकी खेती प्रभावित हो रही है, वहीं उनके घरेलू कार्य भी ठप्प हो गए हैं।