Tuesday, July 22, 2008

कल तक बकाया भुगतान नहीं किया तो 24 जुलाई को चावल मिल मालिक धरना देंगे

रतिया 22 जुलाई/निस- राइस शैलर एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेश जिंदल ने बयान जारी कर धान की खरीद एजेसिंयों के अधिकारियों पर शैलर मालिकों को बिना वजह परेशान करने, रिश्वत मांगने का आरोप जड़ते हुए दो टूक कहा है कि यदि कल तक उनके बकाया भुगतान नहीं कर दिए जाते तो 24 जुलाई को जिले के सभी चावल मिल मालिक लघु सचिवालय के सामने धरना देंगे तथा प्रदर्शन करेंगे। राईस शेलर एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेश जिंदल ने बताया कि खरीद एजेसिंयों ने सभी चावल मिलों के ट्रांसपोर्टेशन के नाम पर लाखों रुपए रोक रखे हैं। इस बाबत मुख्यमंत्री से बैठक होने के बाद सरकार ने खरीद एजेसिंयों को निर्देश दिए हैं कि वे चावल मिल मालिकों से ब्लैंक चैक पर हस्ताक्षर करवाकर व एक हल्फिया बयान लेकर भुगतान कर दिया जाए। हल्फिया बयान में चावल मिल मालिकों ने कहा है कि यदि भारत सरकार हरियाणा सरकार से ट्रांसपोर्टेशन की रिकवरी करती है तो चावल मिल मालिकों द्वारा दिए गए ब्लैंक चैक को भरवाकर खरीद एजेसिंयां भुगतान प्राप्त कर सकती हैं। सभी चावल मिल मालिकों ने तमाम औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। उपायुक्त ने भी खरीद एजेसिंयों के अधिकारियों को भुगतान करने के निरदेश दे दिए हैं मगर खरीद एजेंसी हैफेड, कान्फेड, वेयर हाउस, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी भुगतान करने से पहले कमीशन की मांग कर रहे हैं। शैलर मालिक जो कमीशन देने से इंकार करते हैं तो वह भुगतान देने से मना कर देते हैं। श्री जिंदल का कहना है कि अधिकारियों ने चावल मिल मालिकों का बहुत शोषण कर लिया है। अब मिल मालिक और शोषण नहीं करवाएंगे। उन्होंने खरीद एजेसिंयों को चेतावनी दी है कि यदि कल तक भुगतान नहीं हुआ तो 24 जुलाई को सभी मिल मालिक प्रदर्शन करेंगे व अधिकारियों का काला-चिट्ठा उपायुक्त व प्रैस को जारी करेंगे।

डेरा प्रेमियों के तेवर कड़े

सिरसा 22 जुलाई/निस- डबवाली में डेरा प्रेमियों द्वारा की जा रही नामचर्चा के विरोध में सिख समुदाय द्वारा जगह-जगह डेरे तोड़े जाने व डेरा प्रेमियों की दुकानें जलाने के मामले में सिख समुदाय पर प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न करने से खफा डेरा प्रेमियों की एक बैठक आज स्थानीय कशिश रैस्टोरेंट में संपन्न हुई। इस बैठक में दूर-दूर से हजारों डेरा प्रेमी पहुंचे। चार घंटे तक चली इस बैठक में प्रशासन द्वारा डेरा प्रेमियों को सहयोग न दिए जाने की कड़ी निंदा की गई। बैठक के बाद एक्शन कमेटी व यूथ वेलफेयर फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर मांग की कि डबवाली में जलाई गई दुकानों व मकानों के मामले में प्रभावितों को तुरंत मुआवजा मिले तथा डेरा प्रेमियों पर दर्ज मुकद्दमे खारिज किए जाए। ज्ञापन में बलजीतसिंह दादुपुर व सुखविन्द्र सिंह खालसा की गिरफ्तारी की गिरफ्तारी की भी मांग की गई। एक्शन कमेटी के प्रधान रामपाल सैनी ने कहा है कि अगर सरकार प्रेमियों के जान-माल की रक्षा नहीं कर सकती है तो वह हाथ खड़े कर दे, प्रेमी अपनी रक्षा खुद कर लेंगे। सतपाल टोहाना ने कहा कि घुक्का वाला डेरा जलाने के मामले में 65 लाेगों के नाम पुलिस को दिएगए हैं मगर पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। डेरा प्रेमियों के तेवर आज काफी कड़े नजर आए।

अनेक डेरा प्रेमी नामजद

फतेहाबाद 22 जुलाई/निस- जिला पुलिस ने कल डेरा प्रेमियों द्वारा धारा 144 का उल्लंघन कर जुलूस निकालने पर अनेक डेरा प्रेमियों को धारा 188 के तहत नामजद किया है। शहर पुलिस ने ड्यूटी मैजिस्ट्रेट ज्ञानप्रकाश की शिकायत पर डेरा प्रेमी ओमप्रकाश सोनी, भंगीदास नरसीदास गोयल, प्यारे लाल सरपंच मिराना, सुखदेव सिंह हिजरावां कलां, महेश कुकड़ावाली सहित अनेकों डेरा प्रेमियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है।

बंद के ऐलान से स्थिति सुधरने की बजाए बिगड़ने की आशंका ज्यादा -का. कृष्ण स्वरूप

फतेहाबाद 22 जुलाई/निस- किसान सभा के अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य का. कृष्ण स्वरूप व ओमप्रकाश बागड़ी ने बयान जारी कर सिख समुदाय व डेरा प्रेमियों से शातिं की अपील की है। का. कृष्ण स्वरूप ने कहा है कि डेरा व सिख विवाद चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। इस वक्त स्थिति काफी विस्फोटक है, इसलिए जिले की सभी सामाजिक संस्थाओं, निर्वाचित प्रतिनिधियों, राजनीतिक पार्टियों को आगे आकर अपना राष्ट्रीय फर्ज निभाना चाहिए। उन्होंने डेरा प्रेमियों से आग्रह किया कि जब तक विवाद समाप्त नहीं हो जाता, वह सार्वजनिक नामचर्चाओं से परहेज करें। सिख समुदाय द्वारा किए गए बंद के ऐलान से स्थिति सुधरने की बजाए बिगड़ने की आशंका ज्यादा है। का. कृष्ण स्वरूप ने प्रशासन से भी आग्रह किया है कि वे स्थिति की नाजकुता को देखते हुए शरारती तत्वों से सख्ती से पेश आए तथा कानून अपना काम करे। अभियुक्त कितना भी बड़ा हो, उसको सख्त कानून से निपटना चाहिए।

बिजली आपूर्ति की समस्या से गुस्साए ग्रामीणों ने धरना भी दिया।

रतिया 22 जुलाई/राजेन्द्र मित्तल- समीपवर्ती गांव सहनाल में पिछले काफी समय से बिजली आपूर्ति की समस्या से गुस्साए ग्रामीणों ने रामचंद्र सहनाल के नेतृत्व में बिजली घर में एसडीओ के कार्यालय के समक्ष विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और धरना भी दिया। धरने के बाद ग्रामीणों ने एसडीओ को ज्ञापन सौंप कर शीघ्र समस्या के समाधान की मांग की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का हल न निकला तो वह मजबूरन बिजली घर के बाहर ताला जड़ देंगे। निगम के एसडीओ ने आश्वासन दिया है कि वह जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का प्रयत्न करेंगे। धरने पर मौजूद ग्रामीण रामचंद्र सहनाल, नीलम, मीना, परमजीत कौर, सुरेन्द्र जीत, सुनीता सहित 50-60 लोगो ने बताया कि गांव में मात्र दो-तीन घंटे बिजली रहने से उनके कामकाज पूरे तरह ठप्प हो चुके हैं। वहीं पानी के लिए भी उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जब वह बिजली की शिकायत करने बिजली घर में आते हैं तो कर्मचारी भी उनसे दुर्व्यवहार करते हैं।